मुक्तसर के मिड्डूखेड़ा में 23 साल के युवक की हत्या पर बढ़ा तनाव, परिजनों ने लगाया सियासी दबाव का आरोप
मुक्तसर के गांव मिड्डूखेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते 23 वर्षीय युवक संदीप सिंह उर्फ बबलू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें
-1785306748638_m.webp)
मुक्तसर के मिड्डूखेड़ा में 23 साल के युवक की हत्या पर बढ़ा तनाव (फोटो: जागरण)
संवाद सूत्र, लंबी/मुक्तसर। जिले के गांव मिड्डूखेड़ा में पुरानी रंजिश के चलते 23 वर्षीय युवक संदीप सिंह उर्फ बबलू की लोहे की राड़ों और लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और रोष का माहौल है।
परिवार के मुताबिक मंगलवार शाम को संदीप सिंह को गांव की नहर के पास अकेला घेर लिया गया। आरोप है कि जगदीश राम, अजय कुमार, पवन और पांच अन्य अज्ञात लोगों ने उस पर लोहे की राड़ों और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला किया।
मृतक संदीप के भाई जगदीप सिंह ने बताया कि जब हम भागकर नहर पर पहुंचे तो हमलावर राडों से उसे पीट रहे थे। हम उसे उठाकर अस्पताल ले गए, लेकिन बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। जब तक इंसाफ नहीं मिलता, हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
संदीप के दूसरे भाई लवप्रीत सिंह का कहना है कि हमलावर पिछले कई दिनों से उन्हें धमकियां दे रहे थे। मेरे भाई पर 24 घंटे नजर रखी जा रही थी। इन्हीं लोगों ने नहर पर घेरकर उसे मारा। पुलिस आरोपितों को पकड़ने की बजाय हम पर ही दबाव बना रही है।
खबरें और भी
परिवार का गंभीर आरोप
मृतक की मां बलविंदर कौर और परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया कि हमलावरों को सत्ता पक्ष से जुड़े स्थानीय नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। इसी सियासी शह के कारण पुलिस गिरफ्तारी से बच रही है।
वो खुलेआम धमकी देते थे कि बबलू को पीट-पीटकर मार देंगे। हमें इंसाफ चाहिए। जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं होते, हम शव का संस्कार नहीं करेंगे। घटना के बाद गांव में भारी तनाव है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में जुटे हैं।
आरोपितों की गिरफ्तारी तक स्वजन का शव लेने से इंकार
परिवार ने पोस्टमार्टम के बाद भी शव लेने और संस्कार करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक सभी आरोपित गिरफ्तार नहीं होते, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना किल्लियांवाली की प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मजीत कौर ने बताया कि मृतक संदीप सिंह उर्फ बबलू के मर्डर के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है। कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।