श्री मुक्तसर साहिब में भूपेश बघेल का विरोध, दौरे से पहले लगे 'गो बैक' के पोस्टर; कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर
भूपेश बघेल के श्री मुक्तसर साहिब दौरे से पहले 'गो बैक' के फ्लेक्स लगाए गए, जिससे कांग्रेस की अंदरूनी कलह सामने आई। ...और पढ़ें
-1785734002357_m.webp)
श्री मुक्तसर साहिब में भूपेश बघेल का विरोध (फोटो: जागरण)
HighLights
भूपेश बघेल के दौरे से पहले 'गो बैक' फ्लेक्स लगे।
फ्लेक्स लगने से कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी सामने आई।
विरोध के बाद भूपेश बघेल का दौरा रद्द हो गया।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के प्रस्तावित श्री मुक्तसर साहिब दौरे से पहले शहर में उनके विरोध में लगाए गए 'भूपेश बघेल गो बैक' के फ्लेक्स राजनीतिक चर्चा का विषय बन गए। सोमवार सुबह शहर की विभिन्न सड़कों में ये फ्लेक्स लगे दिखाई दिए, जिससे कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई।
जानकारी के अनुसार, भूपेश बघेल सोमवार को जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए श्री मुक्तसर साहिब आने वाले थे। लेकिन उनके आगमन से पहले ही देर रात और सोमवार सुबह शहर के कई स्थानों पर विरोध स्वरूप फ्लेक्स लगाए गए। सूचना मिलने के बाद अधिकांश फ्लेक्स हटा दिए गए, हालांकि कुछ स्थानों पर इनके लगे होने की बात भी सामने आई।
सूत्रों के मुताबिक, फ्लेक्स लगाने में इस्तेमाल किए जा रहे एक छोटे हाथी वाहन को कुछ कांग्रेस नेताओं ने रोक लिया और इसकी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि वाहन फिलहाल पुलिस के कब्जे में है।
वहीं यह भी चर्चा है कि फ्लेक्स लगाने वाले कुछ लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई, जिनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खबरें और भी
उल्लेखनीय है कि हाल ही में श्री मुक्तसर साहिब में कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक करण कौर बराड़ ने पार्टी नेतृत्व को लेकर नाराजगी जताई थी। इस बीच भूपेश बघेल का सोमवार का दौरा भी फिलहाल रद्द कर दिया गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।