मुक्तसर में वर्षा के बाद बिजली के खंभे में उतरा करंट, बैल की मौत से हड़कंप
गिद्दड़बाहा में बारिश के बाद एक बिजली के खंभे में करंट उतरने से एक बैल की मौके पर मौत हो गई। शहर में चल रहे विकास कार्यों और खोदी गई सड़कों पर जलभराव ...और पढ़ें

करंट लगने से बैल की मौत। फोटो जागरण
HighLights
बारिश के बाद गिद्दड़बाहा में बिजली के खंभे में करंट।
करंट की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर मौत।
विकास कार्यों के कारण खोदी सड़कों पर जलभराव से हादसा।
संवाद सूत्र, गिद्दड़बाहा। शुक्रवार देर शाम हुई वर्षा से मौसम तो सुहावना हो गया और लोगों को भीषण उमस से राहत मिली, लेकिन दूसरी ओर शहर में चल रहे विकास कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों और गलियों की वजह से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वर्षा के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। इसी दौरान शहर के सर्कुलर रोड स्थित इंडियन बैंक के पास सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि उक्त रोड पर सीवरेज रिप्लेसमेंट का काम पिछले काफी समय से चल रहा है। इस वजह से भट्टी वाला मोड़ से लेकर लंबी वाले फाटक तक जगह-जगह बारिश का पानी और कीचड़ फैला हुआ है। लोग इस रास्ते से गुजरने से कतरा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ध्यान न दिया जाता तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। घटना के बाद पावरकाम की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर खंभे की चेकिंग की और उसमें से करंट को दुरुस्त किया। कृषि विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में आज सुबह तक कुल 3.06 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।