Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुक्तसर में 30 जुलाई को आधे दिन बंद का एलान, सफाई कर्मियों को मिला व्यापारियों का समर्थन; क्या खुला रहेगा और क्या बंद?

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 05:27 PM (IST)

    सफाई कर्मियों पर बरनाला में हुए लाठीचार्ज के विरोध में मुक्तसर में गुरुवार को आधे दिन का बंद रहेगा। व्यापार मंडल और रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने सफाई कर्मियो ...और पढ़ें

    मुक्तसर में 30 जुलाई को आधे दिन बंद का एलान। फोटो जागरण

    मुक्तसर में 30 जुलाई को आधे दिन बंद का एलान। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। बरनाला में सफाई कर्मियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध और अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने पंजाब भर में वीरवार को राज्य स्तरीय बंद का एलान किया है। इस बंद का असर जिला मुक्तसर में भी पूरी तरह देखने को मिलेगा।

    बुधवार को सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात की और बंद में समर्थन मांगा। इसके बाद व्यापार मंडल ने जिले भर के दुकानदारों से सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक यानि आधा दिन प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने भी बंद को समर्थन देते हुए शहर की सभी मंडियों को बंद रखने का फैसला लिया है।

    नौ से दोपहर दो बजे तक दुकानें बंद

    व्यापार मंडल के प्रधान इंद्रजीत बांसल ने कहा कि सफाई कर्मी समाज का जरूरी हिस्सा हैं। वे 22 दिन से हड़ताल पर हैं और लगातार अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमने उनकी मांग को जायज मानते हुए सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक दुकानें बंद रखने का समर्थन दिया है।

    सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान विजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरंदाज कर रही है। बरनाला में कर्मियों पर बेरहमी से लाठीचार्ज करके सरकार ने बर्बरता दिखाई है। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बंद को शहर के व्यापारियों और आम लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। वीरवार को शहर में शांतिमय रोष मार्च भी निकाला जाएगा।

    खबरें और भी

    क्या-क्या बंद रहेगा?

    • बाजार और दुकानें : जिले भर की सभी किराना, कपड़ा, इलेक्ट्रानिक, ज्वैलरी, जूते-चप्पल और अन्य सामान्य दुकानें सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी।
    • मंडियां: सब्जी मंडी सहित सभी थोक और फुटकर मंडियां पूरी तरह बंद रहेंगी। रेहड़ी-फड़ी वाले भी इस दौरान काम नहीं करेंगे।
    • व्यावसायिक प्रतिष्ठान : शोरूम, प्राइवेट आफिस, वर्कशाप और अन्य व्यावसायिक संस्थान भी बंद रहेंगे।

    क्या खुला रहेगा?

    • मेडिकल स्टोर और अस्पताल : सभी दवाओं की दुकानें, क्लीनिक और अस्पताल सामान्य रूप से खुले रहेंगे
    • दूध डेयरी : दूध और ब्रेड जैसी जरूरी चीजों की सप्लाई जारी रहेगी।
    • पेट्रोल पंप और एम्बुलेंस सेवा भी प्रभावित नहीं होगी।