विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के मुक्तसर में ठगी का मामला, शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 48 लाख का लगाया चूना

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:13 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब में एक व्यक्ति को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने 49.49 लाख रुपये की ठगी की।

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी।

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी।

HighLights

  1. मुक्तसर में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर ठगी।

  2. साइबर ठगों ने 49.49 लाख रुपये हड़पे।

  3. फेसबुक विज्ञापन और ऐप से फंसाया गया।

संवाद सूत्र, श्री मुक्तसर साहिब। जिले में साइबर ठगों द्वारा शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति के साथ 49,49,000 रुपये की बड़ी ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में रमनीक सिंह वासी मलोट ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन के जरिए अज्ञात ठगों ने पीड़ित को वॉट्सऐप के विभिन्न ग्रुप्स जैसे ए-128 रिसर्च इंस्टीट्यूट डी-155 एक्सक्लूसिव सीएस ग्रुप 117-आईएसएल वन-आन-वन में जोड़ लिया।

इसके बाद आरोपितों ने मोबाइल में आईआईएसएल मैक्स ऐप डाउनलोड करवाकर उस पर पीड़ित का खाता बनवा दिया। ठगों ने निवेश पर तगड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 8 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच कुल 49,49,000 रुपये जमा करवा लिए। ऐप पर पीड़ित को लगातार मुनाफा शो होता रहा, जिससे उसे ठगी का कोई शक नहीं हुआ। जब पीड़ित ने ऐप पर बने अपने खाते से कुछ पैसे निकालने की कोशिश की, तो रकम बाहर नहीं आई।

इस पर जब उसने कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो ठगों ने बहाना बनाया कि ट्रांजैक्शन गलत खाते में चली गई है और निकासी प्रक्रिया पूरी करने के लिए और पैसे जमा करने होंगे। जब पीड़ित बैंक ऑफ इंडिया के दिए गए खाते में पैसे जमा कराने लगा, तो ट्रांजैक्शन फेल हो गई। कुछ समय बाद बैंक कर्मचारियों ने खुद पीड़ित को फोन कर सूचना दी कि यह खाता फ्रॉड से जुड़ा हुआ है।

इसके बाद पीड़ित को एहसास हुआ कि उसके साथ निवेश के नाम पर भारी ठगी हो चुकी है। मामले की जांच कर रही एएसआई सुमनदीप कौर ने बताया कि पुलिस ने मुकद्मा दर्ज कर लिया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।