Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के मुक्तसर में नहर में कूदा युवक, पानी के तेज बहाव में लापता; डेढ़ साल पहले भाई ने भी की थी आत्महत्या

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 03:25 PM (IST)

    मुक्तसर-मलोट रोड पर रूपाणा गांव के पास एक 23 वर्षीय युवक पवन ने नहर में छलांग लगा दी और तेज बहाव में लापता हो गया, जिसकी तलाश जारी है। ...और पढ़ें

    नहर में कूदा युवक, पानी के तेज बहाव में लापता, तलाश जारी।

    नहर में कूदा युवक, पानी के तेज बहाव में लापता, तलाश जारी।

    HighLights

    1. 23 वर्षीय युवक पवन ने नहर में लगाई छलांग

    2. तेज बहाव में लापता, तलाश अभियान जारी

    3. डेढ़ साल पहले भाई ने भी यहीं दी थी जान

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। मुक्तसर-मलोट रोड पर गांव रुपाणा के पास से गुजरती नहर में 23 वर्षीय युवक के छलांग लगा देने से इलाके में सनसनी फैल गई है। छलांग लगाने के बाद युवक नहर के तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया।

    सुबह से गांव और आसपास के लोग नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चला है। युवक की पहचान पवन पुत्र जय सिंह निवासी गांव दूहेवाला तहसील गिद्दड़बाहा के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार पवन अविवाहित था और मजदूरी का काम करता था।

    पिता जय सिंह ने बताया कि वीरवार की सुबह करीब आठ बजे पवन बाइक लेकर घर से निकला। मुझे लगा वह धान की रोपाई करने जा रहा है। कुछ ही समय बाद नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली तो मैं हैरान रह गया। समझ नहीं आ रहा कि मेरा बेटा ऐसा कदम कैसे उठा सकता है। घर में किसी तरह का झगड़ा या लड़ाई नहीं हुई थी।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पवन करीब 8.20 बजे अपनी डीलक्स मोटरसाइकिल नहर के पुल पर खड़ी करके गया था। बाइक पर मिठाई के डिब्बे भी टंगे हुए थे और मोबाइल भी वहीं छोड़ गया था। बताया जा रहा है कि पवन को कबूतरबाजी का शौक था। कुछ लोगों ने उसे बचाने के लिए नहर में रस्सी भी फेंकी थी, लेकिन पवन ने रस्सी नहीं पकड़ी और तेज बहाव में बह गया।

    खबरें और भी

    स्वजन ने बताया कि डेढ़ साल पहले पवन के बड़े भाई ने भी इसी तरह नहर में कूदकर जान दे दी थी। पवन का एक भाई मंदबुद्धि है और पिता जय सिंह बकरियां चराकर परिवार का गुजारा करते हैं। परिवार के लिए पवन ही बुढ़ापे का सहारा था।

    पुलिस कर रही जांच

    पुलिस चौकी रुपाणा के प्रभारी एएसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवक की तलाश जारी है। स्वजनों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।