मुक्तसर साहिब में घर पहुंचते ही युवक पर बरसीं गोलियां, दो मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने 4 राउंड किए फायर
श्री मुक्तसर साहिब में घर के बाहर 21 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने चार गोलियां मारीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपितों की तलाश कर रही है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच करते हुए।
HighLights
श्री मुक्तसर साहिब में 21 वर्षीय युवक को गोली मारी।
दो मोटरसाइकिलों पर आए हमलावरों ने चार राउंड फायर किए।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। श्री मुक्तसर साहिब के कच्चा भागसर रोड पर बीती देर रात घर के गेट के सामने 21 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने पहले युवक से पूछा कि क्या वह यहीं रहता है। इसके बाद उस पर फायरिंग कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अनिल कुमार अपने परिवार के साथ किसी पार्टी से लौट रहा था। घर के गेट के सामने पहुंचते ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। परिवार के मुताबिक, हमलावरों ने अनिल से उसका घर पूछा और इसके तुरंत बाद करीब चार राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से अनिल घायल होकर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में मिनिस्ट्रियल हड़ताल का आठवां दिन, सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप्प, 27 अगस्त को महाबंद की चेतावनी
घटना के बाद फरार हुए हमलावर
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे सरकारी अस्पताल और बाद में फरीदकोट रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल युवक की हालत ठीक बताई जा रही है। अनिल के माता-पिता ने बताया कि उनके बेटे की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है।
यह भी पढ़ें- चीनी के दाम बढ़े तो महंगी हुई मिठास, पंजाब में बर्फी से जलेबी तक के रेट बढ़े; त्योहार-शादी का बजट भी प्रभावित
पुलिस ने जांच की शुरू
पीड़ित परिवार को यह भी जानकारी नहीं है कि हमलावरों ने उनके बेटे को निशाना क्यों बनाया। सूचना मिलते ही थाना सिटी की प्रभारी रमनदीप कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
