पंजाब के नवांशहर में वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव; वन विभाग ने शुरू की जांच
गढ़शंकर-आनंदपुर साहिब मार्ग पर सिंहपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन साल के तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्ज ...और पढ़ें

वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत। फाइल फोटो
HighLights
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत।
घटना गढ़शंकर-आनंदपुर साहिब मार्ग पर सिंहपुर के पास हुई।
वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
सतीश शर्मा, जागरण। गढ़शंकर से श्री आनंदपुर साहिब को जोड़ने वाले ऐतिहासिक श्री गुरु तेग बहादुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन साल के एक तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना नवांशहर जिले के अंतिम छोर पर बसे गांव सिंहपुर के पास स्थित आईटीआई कॉलेज के समीप घटी है।
जानकारी के अनुसार, यह इलाका जंगली क्षेत्र से सटा हुआ है। अक्सर राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर सड़क किनारे बंदरों को खाने-पीने का सामान डाल जाते हैं। इसी भोजन की तलाश में कई बार अन्य जंगली जानवर भी अपने प्राकृतिक आवास से भटककर मुख्य सड़क तक पहुंच जाते हैं।
बताया जा रहा है कि यह तीन वर्षीय तेंदुआ भी इसी तरह जंगल से निकलकर सड़क की तरफ आ गया था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तेंदुआ बुरी तरह घायल हो गया और सड़क किनारे ही गिर पड़ा।
आगे की कार्रवाई शुरू
हादसे के बाद इस तेंदुए को सबसे पहले एक स्थानीय चरवाहे ने घायल अवस्था में देखा था। वह कुछ देर तक जिंदा रहा। लेकिन चोटें गंभीर रूप से जख्मी मोने के कारण कुछ ही देर में मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही जंगली जीव सुरक्षा (वन विभाग) की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिंहपुर आईटीआई कॉलेज के पास वाले इस जंगली हिस्से से इस तेंदुए को पहले भी कई बार जंगल से सड़क की तरफ आते देखा गया था।
तेंदुए का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया: ब्लॉक अफसर
गढ़शंकर डिवीजन के ब्लॉक अफसर कुलदीप ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल का जायजा लिया और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलाचौर के पशु अस्पताल में भेज दिया गया है। विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
लिखित शिकायत पर एफआईआर दर्ज करेगी पुलिस: एसएचओ
थाना पोजेवाल के एसएचओ अभिषेक शर्मा ने बताया कि अगर वन विभाग की ओर से उन्हें इस मामले में कोई लिखित शिकायत दी जाती है, तो अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जाएगी। आरोपी के पकड़े जाने पर बनती कार्रवाई होगी।