Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नवांशहर में अस्पताल के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, रंगदारी न मिलने पर बदमाशों का उत्पात; डॉक्टर को जान से मारने की धमकी

    Updated: Tue, 10 Mar 2026 12:21 AM (GMT+05:30)

    नवांशहर के बंगा में एक निजी अस्पताल के बाहर सोमवार सुबह दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोलियां चलाईं। डॉक्टर ओंकार सिंह से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा ...और पढ़ें

    अस्पताल के बाहर दो बाइक सवारों ने की गोलीबारी (फाइल फोटो)

    अस्पताल के बाहर दो बाइक सवारों ने की गोलीबारी (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. अस्पताल के बाहर दो बाइक सवारों ने की गोलीबारी

    2. डॉक्टर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी

    3. पुलिस जांच जारी, आरोपी कन्नू विदेश से धमका रहा

    संवाद सहयोगी, नवांशहर। बंगा के मुकंदपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल के मुख्य द्वार पर सोमवार तड़के मोटर साइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने गोलियां चला दीं। सुबह करीब 6:30 बजे हुई इस वारदात के बाद अस्पताल और इलाके में हड़कंप मच गया।

    हमलावर तीन गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। एक गोली अस्पताल के रिसेप्शन काउंटर के पीछे की दीवार पर लगी। गनीमत रही कि उस समय रिसेप्शन काउंटर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। कई दिन से फोन पर धमकियां मिल रही थीं और उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। धमकियों से परेशान होकर डॉ. ओंकार सिंह ने रविवार को ही पुलिस को लिखित शिकायत भी दी थी।

    डॉ. ओंकार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फोन करने वाले युवक ने अपना नाम कन्नू बताया था, जो गांव कूकड़ मजारा का रहने वाला है। आरोपी ने फोन पर साफ तौर पर कहा था कि अगर उसे रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो वह उनकी हत्या करवा देगा। डॉ. ओंकार सिंह के अनुसार, आरोपी बार-बार फोन कर उन्हें धमकियां दे रहा था और पैसे देने के लिए दबाव बना रहा था।

    सोमवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर मोटर साइकिल पर आए थे। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ स्थानों से फुटेज भी प्राप्त हुई है, जिनकी जांच की जा रही है। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हमलावरों के बारे में कोई सुराग मिल सके। एसएसपी तुषार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    अस्पताल में दहशत, मरीजों में बढ़ी चिंता

    अस्पताल के बाहर गोलियां चलने की वारदात के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों में हड़कंप मच गया। आसपास के क्षेत्र में भी दहशत का माहौल रहा। हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वहीं अस्पताल के स्टाफ ने तुरंत सुरक्षा के लिए मुख्य दरवाजे को बंद कर दिए और पुलिस के आने तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। उन्होंने मरीजों को ढांढस बंधाया और बताया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।

    दीपा कुलपुर हत्या मामले में भी आरोपित है नामजद

    बता दें कि गांव कुक्कड़ मजारा निवासी कन्नू का नाम पहले भी एक हत्या के मामले में सामने आ चुका है। करीब आठ महीने पहले पोजेवाल के गांव कुलपुर में दीपा कुलपुर की हत्या कर दी गई थी। बताया गया था कि स्कूटी सवार व्यक्ति जब खेतों से पशुओं का चारा लेकर घर लौट रहा था तो रास्ते में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कन्नू को नामजद किया गया था, जबकि उसके कुछ साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया था। बताया जा रहा है कि कन्नू फिलहाल विदेश में बैठा हुआ है और वहीं से फोन के माध्यम से लोगों को धमकाकर रंगदारी की मांग कर रहा है।

    आरोपित ने दिया था एक सप्ताह का समय

    डॉ. ओंकार सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने उन्हें 50 लाख रुपये देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया था। आरोपी ने फोन पर कहा था कि अगर तय समय के भीतर 50 लाख रुपये की राशि नहीं दी गई तो वह उनकी हत्या करवा देगा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह काफी परेशान थे और इसी वजह से उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।

    पहले ही हो चुकी हैं गोलियां चलाने की वारदातें

    पिछले दिनों बंगा में दो गैंग्सटरों की आपसी दुश्मनी के चलते थाना सिटी समीप मेन चौराहे पर स्कार्पियो सवार पांच युवकों ने आई टवंटी कार सवार युवकों पर करीब दो से ढाई दर्जन गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें कार सवार एक युवक की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक मनी चेंजर की दुकान पर हथियार दिखाकर एक युवती से एक हमलावर करीब 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया था, जिसे कुछ समय के भीतर ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था।