भीषण गर्मी के चलते कम हुआ मतदान, गर्मी में मतदान केंद्र तक पहुंचने की 40 प्रतिशत मतदाताओं ने नहीं देखाई हिम्मत
नवांशहर में भीषण गर्मी के कारण स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत काफी कम रहा, जो पिछली बार के 69.71% से घटकर इस बार 60% पर सिमट गया। मतदान शांति ...और पढ़ें

अबोहर: भीषण गर्मी के चलते कम हुआ मतदान (File Photo)
HighLights
भीषण गर्मी से नवांशहर में मतदान प्रतिशत घटा।
पिछली बार से कम 60% मतदान दर्ज हुआ।
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, मतगणना 29 मई को।
जागरण टीम, नवांशहर: भीषण गर्मी के आगे मतदाताओं के उत्साह ने हाथ खड़े कर दिए। इसका प्रमाण मंगलवार को हुए स्थानीय निकाय चुनावों में करीब 40 प्रतिशत मतदाताओं को मतदान केंद्रों की चौखट तक न पहुंचने से मिलता है।
इस बार गत चुनावों से भी मतदान प्रतिशत कम हो गया। बात 2021 के चुनावों की करें तो जिले में 69.71 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि इस बार 60 प्रतिशत पर ही सिमट गया। प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को मतदान करने के लिए किए गए आह्वान का भी असर कम दिखा अन्यथा मतदान प्रतिशत 70 प्रतिशत से अधिक हो सकता था।
मंगलवार को छोटी सरकार के चयन के लिए शांतिपूर्वक मतदान हुआ। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चला। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली जबकि 11 से 3 बजे तक मतदान केंद्रों से भीड़ छंटी रही। उसके बाद 3 से 5 बजे तक फिर मतदाताओं की भीड़ बढ़ी पर मतदान प्रतिशत 56 प्रतिशत रहा तो पंजाब के अन्य जिलों के मुकाबले कम ही रहा।
दिन भर प्रत्याशी व उनके समर्थक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते दिखे। घरों से भी गाडियों द्वारा मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाया गया अन्यथा मतदान प्रतिशत और भी कम हो जाता। मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के लगाए गए बूथों पर समर्थकों द्वारा मतदाताओं की पर्चियां बनाने से लेकर चाय-पानी की सेवा की। मतदान को लेकर महिलाओं व बुजुर्गों में ज्यादा उत्साह देखा गया जबकि युवा वर्ग की मतदान को लेकर भागीदारी उतनी नहीं रही जितनी होनी चाहिए थी। युवा वर्ग में भी अगर बात करें तो युवतियों में मतदान को लेकर उत्साह बहुत कम देखने को मिला। लोग अपनी गाडियां लेकर भी मतदान केेंद्रों तक पहुंचे। बुजुर्गों को सहारा देकर मतदान करवाया गया।
मंगलवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस रहा। नवांशहर नगर परिषद के लिए 19 वार्डों के लिए, बंगा नगर परिषद के लिए 15 वार्डों व राहों में 11 वार्डों के लिए चुनाव हुए। इसी प्रकार बंगा नगर परिषद के लिए हुए 15 वार्डों के मतदान को लेकर मतदाताओं के कम उत्साह के चलते मतदान प्रतिशत 70 प्रतिशत से भी कम रहा। यहां पर पांच बजे तक 64.3 प्रतिशत हुआ। हालांकि यहां पर मतदान नवांशहर से अधिक रहा पर जितना जोर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने लगाया हुआ था उसके सामने इसे कम मतदान कहा जा सकता है।
राहों में रहा जिले का सबसे अधिक मतदान
राहों शहर में लगभग 69 प्रतिशत वोटिंग हुई, ऊपर से गर्मी का कहर था, वहीं चुनावी पारा भी शहर में देखने को मिला। लोग सुबह से ही अपने-अपने मतदान केंद्र में अपना वोट अपने-अपने प्रत्याशियों को डालते हुए दिखाई दिए। पिछली बार हुए नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। इस बार नगर परिषद की नई कमेटी पर कौन अपना झंडा लहराता है या तो आने वाली 29 मई को पता चलेगा। क्योंकि सभी प्रत्याशी अब मत पेटियों में बंद हो चुके हैं।
जिले के तीन निकायों के लिए 45 वार्डों के चुनाव आयोजित करवाने के लिए 69 पोलिंग पार्टियों में 533 कर्मचारियों ने भूमिका निभाई। सुरक्षा के कड़े प्रबंधों को लेकर चुनावी ड्यूटी में आठ सौ से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती रही। चुनावों के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे इसको लेकर जिलाधीश की तरफ से सोमवार को ही मतदान केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू करने के आदेश जारी कर दिए गए थे ताकि मतदान केंद्रों के 200 मीटर के घेरे में सुरक्षा की दृष्टि से जोखिम न रहे।
चुनावाें के मद्देनजर शराब के ठेके भी बंद रहे। इसको लेकर जिलाधीश की तरफ से पहले से ही आदेश जारी किए जा चुके थे । अब 29 मई को मतगणना के बा ही मालूम पड़ सकेगा कि 148 प्रत्यशियों में से 45 ऐसे कौन से प्रत्याशी हैं जिनके सिर जीत का सेहरा सजना है, जबकि स्वाभाविक है 103 को हार का मुंह देखना पड़ेगा।
खबरें और भी
समर्थकों ने भीषण गर्मी में भी दिखाया समर्पण
सभी प्रत्याशियों के समर्थकों ने भीषण गर्मी के बावजूद अपना समर्पण दिखाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। दिन भी जहां मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर लाने में लगे रहे तो वहीं मतदान केंद्रों के बाहर चाहे पर्चियां बनाने की बात हो या फिर जल सेवा की सभी समर्थक सेवा करते देखे गए। अपने अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान का आह्वान भी करते रहे।
चुनावों के चलते बाजार रहे बंद
चुनावाें के चलते शहर के लगभग सभी बाजार बंद रहे। हालांकि बीच-बीच में कोई दुकान खुली भी नजर आई लेकिन उसमें ग्राहक देखने को नहीं मिले। शहर के गीता भवन रोड़ बाजार, कोठी रोड बाजार, रेलवे रोड़ बाजार आदि लगभग बंद रहे।
डीसी ने किया धन्यवाद
डिप्टी कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने आज स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से नगर कौंसिल चुनाव करवाने में सहयोग देने के लिए मतदाताओं, पोलिंग और सुरक्षा स्टाफ, उम्मीदवारों तथा राजनीतिक पार्टियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पोलिंग पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और जिले के किसी भी पोलिंग बूथ से किसी भी अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई।
डी.सी. ने कहा कि सुबह 8 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और मतदान के दौरान हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई। उन्होंने कहा कि आज की पोलिंग के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे और इस बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए बड़ी संख्या में पोलिंग और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था।
उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि पोलिंग स्टाफ और पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव करवाने में सहयोग देने के लिए मतदाताओं को भी बधाई दी।