Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पठानकोट में पत्नी के सामने युवक की हत्या, दातर से किया ताबड़तोड़ हमला; इलाके में दहशत

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 10:09 PM (IST)

    पठानकोट के कच्चे क्वार्टर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक गुलशन कुमार की पत्नी के सामने दातर से हमला कर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

    पठानकोट में पत्नी के सामने युवक की हत्या। फाइल फोटो

    पठानकोट में पत्नी के सामने युवक की हत्या। फाइल फोटो

    HighLights

    1. गुलशन कुमार की पत्नी के सामने दातर से हत्या।

    2. पुरानी रंजिश के चलते 11 हमलावरों ने किया हमला।

    3. पुलिस ने 8 नामजद और 3 अज्ञात पर केस दर्ज।

    संवाद सहयोगी, पठानकोट। शहर के कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। दो कारों में सवार होकर आए हमलावरों ने एक युवक को उसकी पत्नी की आंखों के सामने घेर लिया और दातर से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक को पहले पठानकोट के निजी अस्पताल और बाद में अमृतसर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

    हत्या की वारदात से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान गुलशन कुमार निवासी कच्चे क्वार्टर के रूप में हुई है। उसकी पत्नी समीक्षा की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस ने आठ आरोपितों को बाइनेम और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

    पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। संबंधित वार्ड के नगर निगम पार्षद ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे उन्हें पीसीआर से फोन आया कि उनके वार्ड में बड़ी वारदात हुई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। घटनास्थल पर केवल पुलिस की पीसीआर टीम मौजूद थी। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पूरी घटना की जानकारी मिली।

    उन्होंने पुलिस और प्रशासन से सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय की मांग करते हुए कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

    खबरें और भी

    मोहल्ले के मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर

    पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी समीक्षा ने बताया कि उसकी शादी 2024 में गुलशन कुमार के साथ हुई थी और उनका डेढ़ वर्षीय बेटा है। गुरुवार रात भोजन करने के बाद गुलशन अपनी मोटरसाइकिल पर बाजार जाने के लिए निकला था।

    वह स्वयं अपनी ननद परवीन के साथ घर के बाहर टहल रही थी। रात करीब 12:10 बजे जब गुलशन कुमार घर के नजदीक मोहल्ले के मोड़ पर पहुंचा तो वहां पहले से खड़ी दो कारों में सवार युवक अचानक बाहर निकल आए। आरोप है कि उन्होंने पहले गुलशन को जबरन रोका और फिर ताबड़तोड़ हमले कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

    पत्नी की चीखें सुनकर भी नहीं रुके हमलावर

    शिकायतकर्ता के अनुसार राहुल उर्फ अंडा, उसका भाई कृष, उसका जीजा विक्की, मन्नी, भूरी, अश्मित सिंह उर्फ बिल्ली जट्ट, राजन, दीपू पहलवान व तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने दातर से लगातार वार किए। हमले में गुलशन कुमार की दोनों बाजू और टांगों पर गंभीर चोटें आईं।

    वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पत्नी और स्वजनों की चीख-पुकार के बावजूद हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई, लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर अस्पताल पहुंचाया।

    पहले पठानकोट, फिर अमृतसर किया रेफर, रास्ते में तोड़ा दम

    स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गुलशन कुमार को पहले अमनदीप अस्पताल, पठानकोट ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे अमृतसर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

    इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पठानकोट लाया गया। पत्नी समीक्षा ने पुलिस को बताया कि राहुल उर्फ अंडा और उसके पति के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। दोनों पक्षों के बीच पहले से क्रास केस दर्ज थे। उसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपितों ने सुनियोजित तरीके से उसके पति पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।

    11 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज

    थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर अमित सिंह ने बताया कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर राहुल उर्फ अंडा, कृष, विक्की, मन्नी, भूरी, अश्मित सिंह उर्फ बिल्ली जट्ट, राजन, दीपू पहलवान तथा तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।