ट्रक ड्राइवर की मदद के लिए आगे आए दिलजीत दोसांझ और द ग्रेट खली, सऊदी में बलजिंदर को मिली है फांसी की सजा
सऊदी अरब में मौत की सजा पाए पठानकोट के ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह के परिवार से हल्का सुजानपुर की सरपंच ...और पढ़ें

सऊदी में फंसे ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह की मदद के लिए आगे आए दिलजीत दोसांझ और द ग्रेट खली।
HighLights
सरपंच यूनियन ने बलजिंदर सिंह के परिवार से मुलाकात की
सऊदी में ड्रग्स मामले में बलजिंदर को मौत की सजा
यूनियन केंद्र सरकार से राजनयिक हस्तक्षेप की मांग करेगी
जागरण संवाददाता, पठानकोट। सऊदी अरब में एक मामले में मौत की सजा पाए जिला के गांव सुजानपुर देहाती निवासी ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह को बचाने के लिए अब हल्का सुजानपुर की सरपंच यूनियन ने प्रधान अक्षय कुमार के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रधान अक्षय कुमार ने बताया कि परिवार के अनुसार बलजिंदर सिंह पिछले करीब 10 सालों से दुबई में ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था और दुबई से सऊदी अरब माल लेकर आता-जाता था। इसी दौरान एक परिचित ने उसे सऊदी में अपने बीमार बुजुर्ग पिता के लिए दवाइयों का पैकेट ले जाने को कहा।
जिसे उसने इंसानियत के नाते ले लिया। लेकिन सऊदी सीमा पर जांच के दौरान उसी पैकेट से कथित तौर पर नशीला पदार्थ बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और सऊदी अदालत ने उसे मौत की सजा सुना दी। उन्होंने बताया कि इस दुखद मामले में पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ, प्रसिद्ध पहलवान द ग्रेट खली दलीप सिंह राणा, कई नेताओं और कई सामाजिक संस्थाएं भी बलजिंदर के समर्थन में आगे आए हैं, जिससे परिवार को थोड़ी उम्मीद जगी है।
-1790592349878.webp)
वहीं, प्रधान अक्षय कुमार ने कहा कि सरपंच यूनियन इस मामले को गंभीरता से ले रही है। जल्द ही हल्का सुजानपुर की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी। बैठक के बाद सभी पंचायतों की ओर से एक मांग पत्र तैयार कर डिप्टी कमिश्नर पठानकोट के माध्यम से भारत सरकार और विदेश मंत्रालय को भेजा जाएगा, जिसमें मांग की जाएगी कि केंद्र सरकार तुरंत कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर सऊदी सरकार से बातचीत कर बलजिंदर सिंह की फांसी की सजा माफ करवाए।
इस मौके पर यूनियन के उपाध्यक्ष सरपंच कुलबीर सिंह, मीडिया प्रभारी विनोद कुमार, गुरदीप सिंह, सुनील सिंह, अश्वनी बिंदू, लखवीर सिंह, गुरनाम सिंह, ओमनबीर सिंह, नरेश कुमार, अजय कुमार, बलवंत सिंह, सोम राज, गोवर्धन दास, घनश्याम कुमार, दलवीर कौर, रामेश्वर सिंह, परमजीत कौर व अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।
