अमरनाथ यात्रा को लेकर पठानकोट में हाई अलर्ट, पुलिस-बीएसएफ ने बढ़ाई सुरक्षा
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पठानकोट के बमियाल क्षेत्र में सुरक्षा हाई अलर्ट पर है। पुलिस और बीएसएफ भारत-पाकिस्तान सीमा व जम्मू संभाग से सटे इलाकों में ग ...और पढ़ें
-1783097272861_m.webp)
अमरनाथ यात्रा को लेकर पठानकोट में हाई अलर्ट। फोटो जागरण
HighLights
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर बमियाल क्षेत्र में सुरक्षा हाई अलर्ट।
पुलिस और बीएसएफ का भारत-पाकिस्तान सीमा पर गहन तलाशी अभियान।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच, वाहनों की कड़ी पड़ताल जारी।
संवाद सहयोगी, बमियाल (पठानकोट)। श्री अमरनाथ यात्रा के शुरू होते ही जम्मू संभाग से लगते पठानकोट जिले के सीमावर्ती बमियाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) संयुक्त रूप से भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों में लगातार गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखते हुए सुरक्षा घेरा और अधिक मजबूत करने में जुटी हैं। वहीं, दूसरी ओर जम्मू संभाग से लगते कठुआ जिले की सीमा पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमा से होकर गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेजों और पहचान की पुष्टि के बाद ही वाहनों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
संवेदनशील स्थानों पर की जा रही विशेष जांच
डीएसपी आपरेशन गुरबख्श सिंह और पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी कुलदीप राज की अगुआई में पुलिस जवानों, घातक कमांडो और बीएसएफ की यूनिट की अलग-अलग टीमें भारत-पाकिस्तान सीमा और जम्मू संभाग से लगते क्षेत्रों में लगातार सुरक्षा अभियान चला रही हैं। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच की जा रही है। बाजार क्षेत्रों में भी पुलिस का सुरक्षा अभियान पिछले कई दिनों से लगातार जारी है, जिससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना हुआ है।
पुलिस ने रात्रि के समय भी चौकसी बढ़ाई
सुबह के समय पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र में सर्च आपरेशन और विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, रात्रि के समय चौकसी और बढ़ा दी गई है और विशेष पैट्रोलिंग के माध्यम से पूरे सीमांत क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था इस स्तर तक मजबूत की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलते ही विशेष तकनीकी एप के माध्यम से संबंधित व्यक्ति का डाटा तत्काल खंगाला जा रहा है। हालांकि अभी तक इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अप्रिय गतिविधि सामने नहीं आई है।
अमरनाथ यात्रा प्रारंभ होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू संभाग से लगते अपने अधिकार क्षेत्र में सभी संभावित सुरक्षा खामियों (लूप होल) को बंद करते हुए कड़ा सुरक्षा पहरा बिठा दिया है। सीमा से लेकर बाजारों और प्रमुख संपर्क मार्गों तक सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और यात्रियों सहित आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस, बीएसएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी कुलदीप राज ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख दलजिंदर सिंह ढिल्लों के दिशा-निर्देश पर सीमांत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ संयुक्त अभियान चला रही हैं और सीमावर्ती क्षेत्रों में हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनका कहना था कि सुरक्षा के मद्देनजर दिन-रात अभियान जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।