Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Punjab Tourism: अब पंजाब में ले सकेंगे गोवा जैसा आनंद, पठानकोट के रणजीत सागर बांध के किनारे बसा है मनोरम चमरोड़ पत्तन

    By Jagran NewsEdited By: Nidhi Vinodiya
    Updated: Fri, 24 Nov 2023 06:39 PM (IST)

    पंजाब के पठानकोट जिले में स्थित चमरोड़ पत्तन (Chamror Pattan) ऐसी जगह जो बिलकुल गोवा जैसा अनुभव देती है। इसे मिनी गोवा के नाम से भी जाना जाता है। धौला ...और पढ़ें

    पठानकोट के रणजीत सागर बांध के किनारे बसा है मनोरम चमरोड़ पत्तन
    पठानकोट के रणजीत सागर बांध के किनारे बसा है मनोरम चमरोड़ पत्तन

    जितेंद्र शर्मा, पठानकोट। Tourist places in Punjab: उत्तर भारत में गोवा घूमने जैसा आनंद... सुनने में यह अविश्वसनीय लग सकता है, लेकिन पंजाब के पठानकोट जिले का चमरोड़ पत्तन (Chamror Pattan) ऐसी ही जगह है। इसे मिनी गोवा के नाम से भी जाना जाता है। धौलाधार की गोद बने पंजाब के सबसे बड़े रणजीत सागर बांध की झील (Ranjit sagar dam) के किनारे बसा चमरोड़ पत्तन गोवा, मुंबई या दमन दीव के समुद्र तटों की छटा बिखेरता है।

    हाल के कुछ वर्षों में यह स्थान बहुत सुंदर पर्यटन स्थल के तौर पर उभरा है जो रोमांचक पर्यटन के साथ नैसर्गिक सौंदर्य से भी भेंट कराता है।

    नीले पानी में नौकायन

    खूबसूरत झील यहां की सुंदरता को चार चांद लगाती है। झील के साफ-सुथरे नीले पानी में बोटिंग का आनंद लिया जा सकता है। यही नहीं, यहां वाटर स्पोर्ट्स का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। शाम के समय यहां के दृश्य सम्मोहित कर लेते हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित यह खूबसूरत छोटा सा हिल स्टेशन पर्यटकों का दिल जीत लेता है। यहां पर पैराग्लाइडिंग, जेट स्की और माउंटेन बाइक जैसे साहसिक खेल पर्यटकों के सफर को यादगार बना देते हैं।

    चमरोड़ में आप रोलिंग बैलून, पैरासेलिंग, हॉट एयर बैलून की रोमांचक राइड का लुत्फ उठा सकते हैं। पर्यटकों के सफर को रोमांचक बनाने के लिए वन विभाग ने यहां पर विशेष तौर पर हट्स का भी निर्माण किया है। इनमें पर्यटकों के ठहरने का पूरा प्रबंध है और यहां रहना एक अलग तरह का अहसास करवाता है।

    यहां मिनी हरिद्वार भी है

    चमरोड़ पत्तन के साथ ही रावी नदी के तट पर मुक्तेश्वर धाम है। इसे मिनी हरिद्वार भी कहा जाता है। इसके आसपास पुरानी गुफाएं हैं। मान्यता है कि यहां पर पांडवों ने वनवास का अंतिम वर्ष बिताया था। यहां पर केबल से बना पहला पुल अटल सेतु भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है। यहां पर कथलौर कुशलियन वन्यजीव अभयारण्य और काठगढ़ मंदिर भी घूमने के लिए अच्छे स्थल हैं।

    खबरें और भी

    यही नहीं, पठानकोट से पर्यटक हिमाचल जाने वाली टॉय ट्रेन का आनंद भी ले सकते हैं। पठानकोट में रेलवे स्टेशन है जो प्रमुख शहरों से ट्रेन के माध्यम से जुड़ा है। पठानकोट पहुंचकर टैक्सी या अपने वाहन से चमरोड़ पत्तन तक जा सकते हैं। सड़क मार्ग से बस या निजी वाहन से भी आसानी पहुंच सकते हैं।

    बढ़ाई जा रही ग्रीनरी

    चमरोड़ पत्तन के आसपास ग्रीनरी और बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार हो चुका है। इसके तहत साथ लगते हरदोसरण में एक नर्सरी बनाई जा रही है। उक्त नर्सरी में पौधे तैयार किए जाएंगे, जिन्हें चमरोड़ पत्तन व आसपास के क्षेत्र में लगाकर इसकी ग्रीनरी को बढ़ाया जाएगा। इससे चमरोड़ पत्तन और भी सुंदर दिखाई देगा, जो निश्चित रूप से पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इस पर अगले महीने तक काम शुरू हो जाएगा।

    -मुकेश वर्मा, रेंज आफिसर, वन विभाग दुनेरा