पंजाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, तीन लोग दबोचे गए; AAP कार्यकर्ताओं पर आरोप
भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने दावा किया कि उनके काफिले पर पठानकोट में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' के दौरान हमला हुआ है।
HighLights
भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के काफिले पर पठानकोट में हुआ हमला
वे 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होने जा रहे थे
बिट्टू ने स्थानीय विधायक पर आरोप लगाए, जांच की मांग की
डिजिटल डेस्क, पठानकोट। पंजाब में बीजेपी की नशा मुक्त रैली में हिस्सा लेने जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि जब वह पार्टी की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' की शुरुआत में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे, तो उनके काफिले पर हमला किया गया।
बिट्टू ने आरोप लगाया कि उनकी सुरक्षा टीम ने तीन लोगों को पकड़ा है। रवनीत बिट्टू ने आगे कहा कि स्थानीय विधायक शेरी ने उन्हें यात्रा में शामिल होने से रोकने के लिए इन लोगों को भेजा था। बिट्टू ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र और राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।
जैमर वाली गाड़ियों को नुकसान पहुंचा
बिट्टू ने दावा किया कि 100 से अधिक आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने काफिले को निशाना बनाया और उस पर अंडे फेंके। उनका आरोप है कि दो एस्कॉर्ट गाड़ियों की खिड़की के शीशे टूट गए। उनकी जैमर वाली गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले को घेर लिया। हमला करने की धमकी दी और गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ दीं।
पत्राकारों से बात करते हुए बिट्टू ने कहा कि आज हमें नशे के खिलाफ एक यात्रा निकालनी थी, क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार और नशे के आदी लोग मिलीभगत कर रहे हैं और वे पिछले साढ़े चार साल से यही कर रहे हैं। वहां लगभग 500 लोग थे। मैं अपनी गाड़ी से उनके बीच से गुज़रा। मेरे पास ज़ेड-प्लस सुरक्षा है, और मेरे साथ लगभग 100 सुरक्षाकर्मी होते हैं।
सुरक्षा के लिए स्थानीय डीएसपी और एसपी भी पुलिस के साथ वहां मौजूद थे। मुझे नहीं पता कि ये लोग कौन हैं, लेकिन इस समय उनके फोन चालू हैं। वे लगातार कह रहे हैं, 'उन्हें घेरो, उन्हें मारो, उनकी जान ले लो।' उन्होंने गाड़ियों पर हमला किया और गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ दीं। अंडे और टमाटर तो छोटी बात है। उनमें से कुछ के पास हथियार थे। हम सुबह 9 बजे से SSP का इंतजार कर रहे हैं। मैं उनसे FIR दर्ज करने और SSP को बुलाने के लिए कह रहा हूं, लेकिन हम सुबह 9 बजे से यहां बैठे हैं। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।- रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व केंद्रीय मंत्री
बीजेपी नेता रवनीत बिट्टू ने कहा कि अगर मुझे कुछ होता है तो पंजाब के मुख्यमंत्री और पंजाब डीजीपी उनकी सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होंगे। बिट्टू ने पंजाब सरकार से घटना की तुरंत जांच करने और हर राजनीतिक कार्यकर्ता और नेता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पंजाब में बीजेपी की यात्रा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज पठानकोट से पार्टी की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाने वाले हैं। यह यात्रा सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होगी। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक रैली को भी संबोधित करेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पंजाब में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ एक आंदोलन शुरू कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के युवाओं को नशे की लत की ओर धकेल दिया गया है और वादा किया कि वे इस समस्या से प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर अभियान चलाएंगे।
बीजेपी अध्यक्ष ने सरकार को घेरा
नितिन नबीन ने कहा कि मेरा यह भी मानना है कि राज्य में राजनीतिक दलों ने ड्रग्स के मुद्दे का इस्तेमाल सिर्फ सत्ता पाने के लिए किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद ड्रग्स के कारोबार को एक बिजनेस या मुनाफे का जरिया बना लिया और इसे राजनीतिक संरक्षण में फलने-फूलने दिया।
भारतीय जनता पार्टी अब इसके खिलाफ एक आंदोलन शुरू कर रही है। दो अगस्त को प्रधानमंत्री द्वारा ड्रग्स के विरुद्ध शुरू किए गए देशव्यापी जन-आंदोलन के बाद, पंजाब बीजेपी इस समस्या के खिलाफ आवाज उठाने के लिए एक अभियान चला रही है। हम उन परिवारों के साथ मिलकर यह यात्रा करेंगे जिन्होंने अपनों को खोया है और जो इस दर्द और तकलीफ को गहराई से समझते हैं।
