पंजाब में टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम, पाकिस्तान से तस्करी कर लाए हथियारों सहित तीन गिरफ्तार
पठानकोट पुलिस ने टारगेट किलिंग और लूट की योजना बना रहे तीन युवकों को दो पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
-1778429309210_m.webp)
पंजाब में टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम। फोटो जागरण
HighLights
पठानकोट में तीन युवक दो पिस्तौल सहित गिरफ्तार किए गए।
टारगेट किलिंग और लूट की बड़ी साजिश नाकाम हुई।
बरामद हथियार पाकिस्तान से तस्करी कर लाए गए थे।
संवाद सहयोगी, पठानकोट। पुलिस थाना तारागढ़ प्रभारी और जिला स्पेशल ब्रांच के इंचार्ज ने गुप्त सूचना के आधार पर कार सवार तीन युवकों को दो पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित टारगेट किलिंग, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। आरोपितों की पहचान पंकज उर्फ जैक निवासी डला वलीम, शाम उर्फ बाबा निवासी माडल टाउन पठानकोट, सौरभ कुमार निवासी हैवत पिंड़ी के रूप में हुई है।
डीएसपी विपिन कुमार ने बताया कि एसएसपी दलजिंदर ढिल्लों के दिशा निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार मुहिम चलाई जा रही है। इसी मुहिम के तहत वारदात को अंजाम देने से पहले तीन आरोपितों को दो पिस्टल सहित काबू किया है।
उन्होंने बताया कि बीती रात थाना तारागढ़ के प्रभारी हर्ष काश्मी और इंस्पेक्टर इंचार्ज स्पेशल ब्रांच शोहरत मान को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक स्विफ्ट डिजायर कार में पठानकोट की ओर से पुलिस थाना तारागढ़ के अंतर्गत पड़ते परमानंद की ओर आ रहे हैं।
खबरें और भी
सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग जगह पर विशेष नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान अड्डा कानवां पर नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोक कर गाड़ी चालक से पूछताछ करके तलाशी ली तो उससे 9 एमएम पिस्टल बरामद किया, जिसके मैगजीन में दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो गाड़ी में सवार दूसरे युवक ने बताया कि उसकी ओर से गाड़ी में एक और पिस्तौल छुपाया गया है, जो पुलिस ने बरामद कर लिया गया, जिसके मैगजीन में एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और गाड़ी को कब्जे में लेकर तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपितों से की गई पूछताछ में सामने आया है कि वह आपराधिक गतिविधियों में सम्मिलित हैं। दो युवकों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज है।
पाकिस्तान से भेजे गए थे हथियार
डीएसपी ने बताया कि आरोपितों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा और उनसे आगामी पूछताछ करके मामले में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचा जाएगा। उन्होंने बताया कि बरामद हथियार यूएसए निर्मित हैं और यह हथियार पाकिस्तान से तस्करी कर भेजे गए हैं।
यह हथियार आरोपितों तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है। उधर, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपितों ने यह हथियार जिले के बार्डर एरिया के सीमा से सटे एक गांव के एक नशा तस्कर से खरीदा गया है।
उक्त नशा तस्कर के खिलाफ पूर्व समय में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन मंगवाने का मामला दर्ज हुआ था, हालांकि अभी अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई।