Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पत्नी की चिकचिक से परेशान पति ने की गर्लफ्रेंड की हत्या, लाश जलाकर गुरुद्वारे में बहाई अस्थियां; एक गलती ने पहुंचाया जेल

    Updated: Sat, 11 Apr 2026 09:17 AM (IST)

    पटियाला के मर्दांहेड़ी में एक फैक्ट्री मालिक ने अवैध संबंधों के कारण घरेलू कलह से तंग आकर अपनी प्रेमिका कमलप्रीत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने श ...और पढ़ें

    खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए जेमिनी एआई के द्वारा बनाई गई तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है।

    खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए जेमिनी एआई के द्वारा बनाई गई तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है।

    HighLights

    1. फैक्ट्री मालिक ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की

    2. शव को फैक्ट्री में जलाकर अस्थियां प्रवाहित कीं

    3. घरेलू कलह और अवैध संबंध हत्या का कारण

    जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले के मर्दांहेड़ी इलाके में फैक्ट्री मालिक ने अपने अवैध संबंधों के कारण घर में हो रहे कलह के कारण अपनी प्रेमिका की गोलियां मारकर हत्या कर दी। सुबूत मिटाने के लिए शव को फैक्ट्री में जलाने के बाद अस्थियां समाना स्थित गुरुद्वारा गढ़ी साहिब में प्रवाहित कर दीं।

    थाना सदर पटियाला पुलिस ने आरोपित फैक्ट्री मालिक और उसके साले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साले की तलाश जारी है।

    मृतका की पहचान 28 वर्षीय कमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता जगसीर सिंह निवासी वार्ड नंबर एक, अबलोवाल ने बताया कि उनकी बहन का विवाह वर्ष 2017 में संदीप सिंह निवासी गांव रोंगला, जिला संगरूर के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते वह मायके आ गई।

    शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में परिवार को पता चला कि गांव पंजोला निवासी गगनदीप सिंह ने खुद को अविवाहित बताकर कमलप्रीत कौर को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। उसने पटियाला के सूलर क्षेत्र में किराये के मकान में उसे रखा। इसका पता लगने पर आरोपित का अपनी पत्नी परमजीत कौर के साथ विवाद रहने लगा।

    जगसीर ने आरोप लगाया कि बढ़ते विवाद के बीच आरोपित गगनदीप ने कमलप्रीत कौर को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने मर्दांहेड़ी स्थित अपनी टाइल फैक्ट्री में गोली मारकर कमलप्रीत की हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपनी टाइल फैक्ट्री में ही जला दिया और सुबूत मिटाने के उद्देश्य से अस्थियां भी प्रवाहित कर दीं।

    खबरें और भी

    ढाबे पर बातचीत से खुला भेद

    मामले से पर्दा बीती सात अप्रैल को तब उठा जब शिकायतकर्ता के रिश्तेदार आजाद सिंह ने बलबेड़ा स्थित एक ढाबे पर आरोपित गगनदीप को यह कहते सुना कि घरेलू कलह से परेशान होकर उसने कमलप्रीत कौर की हत्या कर दी। उसने यह भी कहा कि शव को फैक्ट्री में जलाने के बाद अपने साले राजवीर सिंह के साथ मिलकर अस्थियां गुरुद्वारा गढ़ी साहिब, समाना में प्रवाहित कर दीं।

    दुबई भेजने की झूठी कहानी से परिवार को किया गुमराह

    परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने कमलप्रीत के बारे में पूछा तो आरोपित गगनदीप ने कई महीनों तक उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि वह उसे दुबई भेज चुका है और वह उनके साथ संपर्क नहीं करना चाहती। बाद में उसने फोन उठाने भी बंद कर दिए, जिससे परिवार का शक और गहरा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

    आरोपित ने कुबूला: 23 फरवरी को फैक्ट्री में बुलाया और दो गोलियां मारी

    थाना सदर पटियाला के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने कहा कि महिला के भाई को जब ढाबे पर अपनी बहन की हत्या के बारे में हुई बातचीत से पता चला तो उन्होंने सात अप्रैल को पुलिस को इसके बारे में बताया और शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए नौ अप्रैल को दो लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके शुक्रवार को आरोपित गगनदीप को गिरफ्तार कर लिया।

    उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपित ने 23 फरवरी को अपनी प्रेमिका को अपनी फैक्ट्री के दफ्तर में बुलाया और वहीं पर अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद फैक्ट्री परिसर में लकड़ियां मंगवाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। 24 फरवरी को आरोपित ने अपनी पत्नी की अस्थियां बताते हुए समाना के गुरुद्वारा साहिब के परिसर में विसर्जित कर दीं।