पटियाला में आप पार्षद के पति की सरेआम पिटाई, हिंसा में बदला नगर परिषद चुनाव के दौरान शुरू हुआ विवाद
पातड़ां में आम आदमी पार्टी की पार्षद परमजीत कौर के पति कुलदीप सिंह बिट्टू बदेशां पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

पटियाला में आप पार्षद के पति की सरेआम पिटाई। फोटो जागरण
HighLights
आप पार्षद पति कुलदीप बिट्टू बदेशां पर जानलेवा हमला।
हमला नगर परिषद चुनाव की पुरानी रंजिश का परिणाम।
पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपितों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पिछले महीने हुए पातड़ां नगर परिषद चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान एसडीएम दफ्तर में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद सोमवार को उस समय हिंसक रूप धारण कर गया, जब शहर के वार्ड पांच से निर्वाचित आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद परमजीत कौर के पति, आप के वरिष्ठ नेता तथा कार डीलर्स एसोसिएशन पातड़ां के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बिट्टू बदेशां पर अज्ञात लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया। शहर के मुख्य चौक में दिनदहाड़े हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे दिन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह बिट्टू बदेशां पटियाला रोड स्थित एक हेयर ड्रेसर की दुकान से निकलकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहीद ऊधम सिंह चौक (संगरूर रोड कैंचियां) के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद कार में सवार अज्ञात लोगों ने डंडों और लाठियों से उन पर हमला कर दिया। घटना के समय वहां काफी भीड़ जमा हो गई, लेकिन भय के कारण किसी ने भी हमलावरों को रोकने का साहस नहीं किया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
खबरें और भी
घटना के बाद राहगीरों ने घायल बिट्टू बदेशां को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सिविल अस्पताल समाना रेफर कर दिया। थाना प्रभारी पातड़ां इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह खोखर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।
घायल कुलदीप सिंह बिट्टू बदेशां के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस सिकंदर सिंह निवासी दुताल समेत सात लोगों के खिलाफ इस मामले में शिकायत की जांच कर रही है।
यह है रंजिश की वजह
नगर परिषद चुनाव के दौरान नामांकन पत्र दाखिल करने के समय वार्डपांच से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे जगदेव सिंह संधू की पत्नी जब अपना नामांकन दाखिल करने जा रही थीं, तब आरोप है कि आप प्रत्याशी परमजीत कौर के पति कुलदीप सिंह बिट्टू बदेशां कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन पत्रों की फाइल छीनकर भाग गए थे।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी की। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई, जिसमें कांग्रेस समर्थक सिकंदर सिंह दुताल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बताया जा रहा है कि उसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।