पंजाब में नशे की गिरफ्त में बचपन, कपूरथला में ड्रग्स पीते बच्चे का Video वायरल; पटियाला में चोरी करते पकड़ा किशोर
पंजाब के पटियाला और कपूरथला से सामने आए वीडियो ने राज्य में बढ़ते नशे के जाल को बेनकाब कर दिया ...और पढ़ें
HighLights
कपूरथला में बच्चे का नशा करते वीडियो वायरल।
पटियाला में किशोर चोरी कर नशा खरीदने में पकड़ा गया।
घटनाओं ने बच्चों तक नशे की पहुंच पर सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता,पटियाला/कपूरथला। पंजाब में कपूरथला और पटियाला जिले के समाना से सामने आई दो घटनाओं ने नशे की भयानक तस्वीर को उजागर कर दिया है। एक ओर कपूरथला में लगभग 12 से 13 वर्ष का बच्चा चारपाई पर बैठकर नशीला पदार्थ पीता दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर समाना में 14 वर्षीय किशोर चोरी करते हुए पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान उसने चोरी से मिले पैसों से राजपुरा जाकर नशा खरीदने की बात कही। दोनों घटनाओं के वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद बच्चों तक नशे की पहुंच और इसकी बिक्री करने वालों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नशे के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद यदि बच्चे इसकी गिरफ्त में पहुंच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब में ड्रग्स नेटवर्क पर शिकंजा! 6 IPS अधिकारियों को मिले विशेषाधिकार, तस्करों को दिखाएंगे जेल का रास्ता
नशे की हालत में कर रहा था चोरी
पटियाला के थाना सिटी समाना इलाके में एक सर्विस सेंटर पर 14 साल का लड़का चोरी करता हुआ पकड़ा गया। पकड़ा गया किशोर नशे की हालत में लग रहा था, जिससे सेंटर मालिक ने पूछताछ की तो हैरानीजनक खुलासे हुए। इस किशोर ने बताया कि यह समाना में चोरी करने के बाद चोरी के पैसों से राजपुरा में महिलाओं के पास जाकर नशा खरीदता था।
मीटरां वाली के नाम से मशहूर महिला इन बच्चों को नशा बेचती है, जिसके बाद यह बच्चे पैसे खत्म होने पर फिर से चोरी करने लग जाते थे। वायरल हुई वीडियो पुलिस तक भी पहुंची तो पुलिस ने तुरंत एफआइआर दर्ज कर ली है लेकिन अभी आरोपित को पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया है।
थाना सिटी समाना के प्रभारी जसविंदर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि लड़के के पकड़े जाने के बाद अगली पूछताछ होगी। यह लड़का नशा करने का आदी भी है, ऐसे में नाबालिग व बच्चों को नशा बेचने वालों को काबू करने के लिए पुलिस कार्रवाई चल रही है।
20 अक्टूबर को सामने आई घटना
घटना के अनुसार 20 अक्टूबर को भवानीगढ़ रोड पर एक सर्विस सेंटर पर एल्युमीनियम का सामान चोरी करते हुए युवक पकड़ा गया था। जिसने खुद को 14 साल का किशोर बताया, जिसके बाद सेंटर मालिक ने एक वीडियो बनाई। वीडियो में पूछने पर किशोर ने बताया कि वह चोरी का सामान बेचने के बाद पैसे मिलने पर राजपुरा जाते हैं, जहां से नशा खरीदते हैं।
यह भी पढ़ें- 'पहले लोग चुनते थे सरकार, अब ये तय कर रहे कि कौन वोट डालेगा', SIR मुद्दे पर मुख्यमंत्री मान ने केंद्र को घेरा
कपूरथला में नशा करता दिखा बच्चा
कपूरथला से सामने आए दूसरे वीडियो ने भी लोगों को चिंता में डाल दिया है। इंटरनेट पर प्रसारित वीडियो में लगभग 12 से 13 वर्ष का बच्चा चारपाई पर बैठकर कथित तौर पर नशीला पदार्थ सेवन करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाले बच्चे की वास्तविक उम्र और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक प्रारंभिक उपचार के बाद आवश्यक जांच करेंगे, ताकि उसकी स्वास्थ्य स्थिति और नशीले पदार्थ के सेवन से हुए संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके।
राजनीतिक दलों ने उठाए सवाल
कपूरथला का वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब पंजाब में नशे का मुद्दा पहले से ही राजनीतिक बहस के केंद्र में है। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद भी राज्य में नशे की समस्या और इसके खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कपूरथला की वीडियो को अपने पेज पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा हे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर नशा बेचने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया। ये राजनीतिक आरोप हैं, जिन पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया अलग हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।