विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में हाई कोर्ट की परीक्षा में 'मुन्ना भाई' की एंट्री, दूसरी छात्रा की जगह एग्जाम देने पहुंची युवती गिरफ्तार

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:37 AM (IST)

पटियाला में हाईकोर्ट क्लर्क परीक्षा में एक युवती को दूसरी उम्मीदवार की जगह पेपर देते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने ...और पढ़ें

दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा देने पहुंची युवती गिरफ्तार। सांकेतिक फोटो

दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा देने पहुंची युवती गिरफ्तार। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पटियाला में हाईकोर्ट क्लर्क परीक्षा में फर्जीवाड़ा सामने आया।

  2. दूसरी उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने पहुंची युवती पकड़ी गई।

  3. पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, पटियाला। हाईकोर्ट क्लर्क की परीक्षा में दूसरी उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने पहुंची युवती को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले ही पकड़ लिया गया। एडमिट कार्ड और पहचान दस्तावेजों की जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आने पर परीक्षा केंद्र प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

घटना एक सितंबर की है, जिसके बाद थाना सदर पटियाला पुलिस ने आरोपित युवती के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपित लड़की की पहचान प्रतिभा निवासी आदर्श नगर तुरेटी पठानकोट के रूप में हुई है।

थाना सदर प्रभारी गुरमीत सिंह ने कहा कि लड़की एग्जाम सेंटर में दाखिल होने से पहले ही विवाद होने पर खिसक गई थी, जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।

यह दर्ज हुआ है मामला

दर्ज मामले के अनुसार घटना एक सितंबर को बहादुरगढ़ स्थित हाईकोर्ट क्लर्क परीक्षा केंद्र में हुई। परीक्षा देने के लिए प्रतिभा केंद्र पर पहुंची थी। केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षा स्टाफ की ओर से सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड, रोल नंबर और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान प्रतिभा के दस्तावेजों की जांच करते समय स्टाफ को उसके एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के विवरण में अंतर नजर आया। एडमिट कार्ड की बारीकी से जांच करने पर सामने आया कि उस पर दर्ज रोल नंबर सीमा रानी नामक उम्मीदवार का था।

एडमिट कार्ड पर दर्ज नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण प्रतिभा के वास्तविक पहचान दस्तावेजों से मेल नहीं खा रहे थे। इसके बाद परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने प्रतिभा से पूछताछ की और मामले की जानकारी तुरंत थाना सदर पटियाला पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम परीक्षा केंद्र पहुंची और संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की । पुलिस ने आरोपित प्रतिभा के खिलाफ दूसरी उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने का प्रयास करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया।

सीमा रानी से संबंधों की भी होगी जांच

थाना सदर प्रभारी गुरमीत सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिभा का वास्तविक उम्मीदवार सीमा रानी से क्या संबंध है और वह उसकी जगह परीक्षा देने के लिए क्यों पहुंची थी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं दोनों के बीच इस संबंध में पहले से कोई समझौता तो नहीं हुआ था।

इसके अलावा परीक्षा में दूसरी उम्मीदवार की जगह किसी अन्य व्यक्ति को बैठाने के पीछे पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है। पुलिस को यदि किसी संगठित गिरोह की भूमिका के संबंध में कोई सुराग मिलता है तो उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

वास्तविक उम्मीदवार सीमा रानी की भूमिका की भी जांच की जा रही है, ताकि स्पष्ट हो सके कि फर्जी तरीके से परीक्षा देने की कोशिश में उसकी कोई संलिप्तता थी या नहीं। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।