विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चितकारा यूनिवर्सिटी में 2 छात्राओं के लापता होने पर आधी रात हंगामा, पुलिस गाड़ी में तोड़फोड़ व हाथापाई

Published: Sat, 26 Sep 2026 09:53 AM (IST)Updated: Sat, 26 Sep 2026 11:55 AM (IST)

पटियाला की एक निजी यूनिवर्सिटी में 'भूत' का वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों ने आधी रात को जमकर बवाल किया, जिससे पुलिस से झड़प हो गई।

HighLights

  1. 'भूत' का वीडियो वायरल होने पर छात्रों ने किया प्रदर्शन

  2. प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस बल से हुई झड़प, गाड़ी तोड़ी

  3. निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर छात्र शांत हुए, स्थिति नियंत्रण में

प्रेम वर्मा,पटियाला। राजपुरा में स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में बीती रात दो छात्राओं के लापता होने के आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स ने रोष प्रदर्शन किया। यह रोष प्रदर्शन उस समय हिंसा में बदल गया जब यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर सुनवाई न करने के आरोप लगाने के बाद उनका घेराव करने पुलिस पहुंची।

पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआइ अजय कुमार पर शराब पीकर पहुंचने के आरोप लगते ही छात्राओं की भीड़ तैश में आ गई, जिन्होंने पुलिस की गाड़ी व कैंपस में तोड़फोड़ करते हुए एएसआइ अजय कुमार से धक्कामुक्की कर कैंपस से बाहर कर दिया।

यही नहीं इस दौरान छात्राओं ने कैंपस के अंदर लैब में उनका टैस्ट करने का दावा करते हुए उसकी रिपोर्ट भी पाजीटिव आने के आरोप लगाए, जिसकी वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल कर दी। देर रात डीएसपी सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे और रातभर चला यह हंगामा सुबह चार बजे शांत हुआ।

डीएसपी सुखदेव सिंह ने आश्वासन दिया कि इस मामले में कंप्लेंट दर्ज कर ली है, फिलहाल लापता छात्राओं की पहचान व किसी भी तरह की डिटेल्स रोष प्रदर्शन करने स्टूडेंट्स के पास नहीं थी। ऐसे में पुलिस अधिकारी यूनिवर्सिटी मैनेजेंमेंट व हास्टल प्रबंधन और लड़कियों की जानकारी रखने का दावा करने वाले स्टूडेंट्स से पूछताछ कर रही है।

इस दौरान छात्रों ने पुलिस की एक सरकारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की।

ऐसे समझिए कैसे शुरू हुआ हंगामा

प्रदर्शन करने वाले छात्राओं के अनुसार 23 सितंबर को एक छात्रा खुदकुशी कर लेती है और यह घटना देख उसकी सहपाठी सहेली बेहोश होकर गिर जाती है। बेहोश होने वाली छात्रा को हार्टअटैक आने की वजह से मौत होने की बात कही जा रही है, जिसके बाद दोनों छात्राओं को कैंपस से एंबूलेंस लेकर निकल जाती है।

प्रदर्शनकारी छात्राओं ने दावा किया कि कैंपस हास्टल के कमरा नंबर 507 में रहने वाली दोनों छात्राओं के लापता होने के बारे में कैंपस प्रशासन कोई जानकारी नहीं दे रहा है।

जिसके बाद इंटरनेट मीडिया के जरिए कैंपस के सभी छात्राओं के बीच मैसेज वायरल हो गया और सभी छात्र कैंपस में इकट्ठे होने लगे। देखते ही देखते 12 बजे सैंकड़ों छात्र कैंपस से लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन के रिहायश तक जमा हो गए, जहां छत से ही मैनजेमेंट के अधिकारी छात्राओं को शांत रहने की अपील करते रहे लेकिन छात्राओं में आक्रोश बढ़ने लगा तो पुलिस को सूचित कर दिया।

पुलिस के पहुंचने के बाद माहौल भड़का

कैंपस में हंगामे की सूचना के बाद पुलिस कस्तूरबा चौकी के इंचार्ज एएसआइ अजय कुमार मौके पर पहुंचे, जिनपर छात्राओं ने शराब पीकर पहुंचने का आरोप लगा। गुस्साई भीड़ ने एएसआइ अजय कुमार को पकड़ लिया और उन्हें जबरन लैब में ले जाने के बाद एल्कोमीटर टैस्ट में रिपोर्ट पाजीटिव आने का दावा किया।

जिसके बाद छात्राओं की भीड़ एएसआइ अजय कुमार के साथ धक्कामुक्की करते हुए कैंपस में घुमाने के बाद गेट से बाहर कर दिया, इस दौरान उनके गनमैन को भी घेर लिया।

वहीं कुछ छात्राओं कीभीड़ ने पुलिस की गाड़ी के साथ तोड़फोड़ करते हुए कैंपस के अंदर भी तोड़फोड़ कर दी। हंगामे की सूचना के बाद डीएसपी सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे, जिन्होंने छात्राओं से बात करने के कार्रवाई का आश्वासन देते हुए केस दर्ज करने की बात कही, तब जाकर सुबह चार बजे मामला शांत हुआ।

यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली महिला सरपंच के पति की हत्या, SAD बोली- 'नेताओं को बनाया जा रहा निशाना'