पटियाला में थार की टक्कर से युवक की मौत, आरोपी महिला ड्राइवर गिरफ्तार
पटियाला के बाइस नंबर फाटक पुल पर एक तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 24 वर्षीय ...और पढ़ें

थार चालक महिला ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत।
HighLights
पटियाला में थार ने बाइक को मारी टक्कर।
हादसे में 24 वर्षीय युवक जोबनप्रीत सिंह की मौत।
पुलिस ने आरोपी महिला चालक नेहा को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पटियाला। बाइस नंबर फाटक पुल पर शुक्रवार रात लगभग आठ बजे एक तेज रफ्तार थार चला रही महिला चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक 24 वर्षीय युवक जोबनप्रीत सिंह निवासी गांव भानरी की मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक सतनाम सिंह निवासी भानरी घायल हुआ है।
इस घटना के बाद मृतक युवक के परिवार को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए कई बार चक्कर लगाने पड़े। इससे नाराज परिवार के सदस्यों और गांव वालों ने बाइस नंबर पुल वाली रोड पर धरना शुरू कर दिया।
लगभग एक घंटे तक चले इस धरने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला चालक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। सतनाम सिंह के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। धरने की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी अमनदीप बराड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शनिवार को महिला चालक की पहचान नेहा के रूप में हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नैब सिंह निवासी भानरी ने बताया कि जोबनप्रीत सिंह और उसका दोस्त सतनाम सिंह काम के सिलसिले में पटियाला आए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक पर गांव लौट रहे थे। लीला भवन की तरफ जाते समय बाइस नंबर पुल पर सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस हादसे में जोबनप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और महिला चालक गाड़ी सहित फरार हो गई। परिवार ने देर रात 11 बजे तक धरना जारी रखा, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया। जोबनप्रीत सिंह के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार को सौंप दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।