Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटियाला में युवक की निर्मम हत्या, नशा तस्करी की सूचना देने के शक में तेजधार हथियारों से हमला

    Updated: Sat, 30 May 2026 02:30 PM (IST)

    पटियाला के हीरा बाग में तेजधार हथियारों से 29 वर्षीय युवक अभिषेक उर्फ अभि की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी कीचू समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ ...और पढ़ें

    पटियाला में युवक की निर्मम हत्या।

    पटियाला में युवक की निर्मम हत्या।

    HighLights

    1. पटियाला में 29 वर्षीय युवक अभिषेक की तेजधार हथियारों से हत्या

    2. नशा तस्करी की सूचना देने के शक में हुआ हमला

    3. मुख्य आरोपी कीचू समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों पर मामला दर्ज

    जागरण संवाददाता, पटियाला। हीरा बाग इलाके में वीरवार देर रात एक 29 वर्षीय युवक की करीब पांच लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव चौरा निवासी अभिषेक उर्फ अभि के रूप में हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपित कीचू निवासी गांव चौरा समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि हमलावरों में मुख्य आरोपित कीचू नशा तस्करी से जुड़ा है।

    उसे शक था कि पुलिस की रेड में सूचना अभि ने ही दी थी। इसी संदेह में उसने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की। पुलिस को दिए बयान के मुताबिक मृतक के भाई हितेश ने बताया कि अभि वीरवार रात करीब 11 बजे अपने एक दोस्त के साथ ई-रिक्शा में गांव चौरा लौट रहा था। जब वे हीरा बाग के नजदीक पहुंचे तो रास्ते में आरोपितों ने उन्हें रोक लिया।

    वहां किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। मृतक के भाई हितेश का आरोप है कि विवाद के दौरान मुख्य आरोपित कीचू ने तेजधार हथियार से अभि पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद अभि के दोस्त ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अधिक खून बहने और गंभीर चोटों के कारण डाक्टर उसे बचा नहीं सके।

    मृतक के भाई हितेश ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपित कीचू नशा तस्करी से जुड़ा है। कुछ समय पहले उसके घर पर पुलिस की छापामारी हुई थी, जहां गांव के अन्य लोगों के साथ मृतक अभि भी मौजूद था। आरोपित को शक था कि पुलिस को सूचना अभि ने ही दी थी। इसी संदेह और रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और अब तक आधिकारिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

    खबरें और भी

    डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, पत्नी और मां का सहारा छिना

    अभि की मौत ने परिवार की खुशियां छीन ली। परिवार के अनुसार अभि की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार की जिम्मेदारियों का बड़ा हिस्सा अभि के कंधों पर था। परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और भाई हैं। मां का कहना है कि अभि उनका लाडला बेटा था और कभी किसी से लड़ाई झगड़ा भी नहीं करता था।

    शव का पोस्टमार्टम करवा परिवार को सौंपा

    थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह समराओ ने बताया कि मामले में कीचू निवासी चौरा समेत अज्ञात व्यक्तियों खिलाफ केस दर्ज करके आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार को सौंप दिया जाएगा। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।