विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के रूपनगर में लंगर खाने के बाद 24 लोग बीमार, आनन-फानन में अस्पताल में कराया गया भर्ती

Published: Sat, 22 Aug 2026 12:00 AM (IST)

घनौली के गुरुद्वारा श्री परिवार विछोड़ा साहिब के पास लंगर खाने के बाद अवानकोट गांव के दो दर्जन से अधिक लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, बीमार पड़ गए हैं।

रूपनगर में लंगर का खाना खाकर कई लोग बीमार।

रूपनगर में लंगर का खाना खाकर कई लोग बीमार।

HighLights

  1. गुरुद्वारा लंगर खाने से दो दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़े

  2. बीमारों में अवानकोट गांव के कई बच्चे भी शामिल हैं

  3. स्वास्थ्य विभाग ने लंगर के खाद्य नमूनों की जांच शुरू की

संवाद सूत्र, घनौली (रूपनगर)। भाखड़ा नहर के किनारे स्थित गुरुद्वारा श्री परिवार विछोड़ा साहिब के पास लगे लंगर में खाना खाने के बाद गांव अवानकोट के दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। इनमें करीब डेढ़ दर्जन बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि लंगर खाकर गए लोगों को वीरवार रात उल्टी और दस्त होने लगी। इसके बाद मरीज सीएचसी भरतगढ़ पहुंचने लगे। शुक्रवार को भी मरीजों का आना जारी रहा। सीएचसी के डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीज अवानकोट गांव के निवासी हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने लंगर में इस्तेमाल किए गए पानी, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में सर्वेक्षण भी शुरू कर दिया है ताकि अन्य प्रभावित व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग ने यह पुष्टि नहीं की थी कि बीमार होने का कारण क्या है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लंगर में किस भोजन या पेय पदार्थ के सेवन से यह समस्या उत्पन्न हुई।

कुछ मरीजों की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि कई बच्चे और अन्य मरीज अभी भी सीएचसी भरतगढ़ में उपचाराधीन हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। इस संबंध में जब एसएमओ आनंद घई से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल बंद होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो सका।