पंजाब के रूपनगर में घर में छिपे सांप ने सो रही बच्ची को डंसा, मासूम की मौत से इलाके में दहशत
नंगल के दड़ौली लोअर गांव में घर में छिपे जहरीले कामन करैत सांप के डंसने से पांच वर्षीय मासूम हरगुन कौर की मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत ...और पढ़ें

सांप ने सो रही बच्ची को डंसा। फाइल फोटो
HighLights
दड़ौली लोअर गांव में पांच वर्षीय बच्ची की मौत।
घर में छिपे जहरीले कामन करैत सांप ने डंसा।
प्रशासन से जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, नंगल (रूपनगर)। गांव दड़ौली लोअर में घर के भीतर छिपे एक जहरीले कामन करैत सांप के डंसने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, माउंट कार्मल स्कूल जिंदबड़ी में एलकेजी की छात्रा हरगुन कौर सुबह नींद से उठी तो उसने पेट में दर्द महसूस किया।
इसके बाद वह अपने दादा के पास जाकर चारपाई पर लेट गई। कुछ ही देर में उसकी आंखों में जलन शुरू हो गई व तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उसे नंगल के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। बताया गया कि हरगुन कौर के पिता पीएसटीसीएल जालंधर में एडिशनल एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं, जबकि उसकी माता नवप्रीत कौर नंगल के सरकारी कन्या विद्यालय में अध्यापिका हैं।
पूर्व सरपंच सरवन सिंह दड़ौली ने बताया कि किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि जहरीला सांप घर के अंदर ही छिपा हुआ है। हरगुन कौर के अंतिम संस्कार के बाद देर शाम रिश्तेदार व ग्रामीण उसी कमरे में बैठे हुए थे। रात को जब बच्ची की बुआ शिखा बच्चों के साथ कमरे में लेटी थीं, तभी अचानक एक सांप उनकी बाजू के ऊपर से गुजरने लगा।
उन्हें ठंडा स्पर्श महसूस हुआ तो उन्होंने तुरंत उठकर देखा। इस दौरान सांप दोबारा फन उठाकर डसने की मुद्रा में था। शोर मचाने पर लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पास के गांव से स्नेक कैचर मंगल सैनी को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
खबरें और भी
मंगल सैनी ने बताया कि यह कामन क्रेट प्रजाति का अत्यंत जहरीला सांप है। इसके काटने पर शुरुआत में केवल मच्छर के काटने जैसा हल्का एहसास होता है, जिससे कई बार पीड़ित को खतरे का अंदाजा नहीं लग पाता। लेकिन इसका विष धीरे-धीरे शरीर में फैलकर तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है और समय पर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। इस घटना पर क्षेत्र के समाजसेवी डा. देवेंद्र शर्मा, जीत राम शर्मा, सरपंच महंगा राम आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बरसात व उमस का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे समय में जहरीले जीव-जंतुओं के घरों में प्रवेश की आशंका बढ़ चुकी है। उन्होंने प्रशासन से गांवों व शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, लोगों को सांपों से बचाव, कीट नाशक दवाइयों का छिड़काव व निशुल्क वितरण, सांपों जैसे जीवों के काटने पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।