विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'BJP का राजनीतिक दल से नहीं, जनता से होगा गठबंधन'; पंजाब में बोले हरियाणा के CM नायब सैनी

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:49 AM (IST)

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूरपुरबेदी में कहा कि पंजाब में भाजपा का गठबंधन किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता से होगा।

पंजाब में हरियाणा के CM नायब सैनी। फाइल फोटो

पंजाब में हरियाणा के CM नायब सैनी। फाइल फोटो

HighLights

  1. पंजाब में भाजपा का किसी दल से नहीं, जनता से गठबंधन।

  2. पंजाब की जनता विकास हेतु डबल इंजन सरकार चाहती है।

  3. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में अभूतपूर्व विकास कार्य।

संवाद सहयोगी, नूरपुरबेदी (रूपनगर)। पंजाब में भाजपा का किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के साथ गठबंधन होगा। यह बात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूरपुरबेदी के गांव लखणों स्थित महंत उमेद गिरी महाराज के डेरे में नतमस्तक होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि एक समय पंजाब देश का नंबर एक राज्य कहलाता था, लेकिन, राजनीतिक खींचतान के चलते यह विकास के मामले में पिछड़ गया है।

अब पंजाब की जनता प्रदेश के विकास के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिसके कारण जनता का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। एक सवाल के जवाब में सैनी ने कहा कि भाजपा अपने दम पर पंजाब में सरकार बनाएगी।

हरियाणा में लगातार तीसरी बार बनी भाजपा की सरकार

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को प्रगति की राह पर आगे ले जाया जा रहा है और इसी कड़ी में पंजाब में भी भाजपा द्वारा तेजी से विकास कार्य करवाकर इसे दोबारा खुशहाल प्रदेश बनाया जाएगा। हरियाणा में करवाए गए जनसेवा के कार्यों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के साथ-साथ वित्त मंत्री का दायित्व भी संभाल रहे हैं। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है।

पिछले 12 वर्षों के दौरान हरियाणा सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के लिए 1650 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। सरकारों की जिम्मेदारी है कि इन वर्गों के लिए ऐसी नीतियां बनाई जाएं, जिससे उन्हें सम्मान के साथ आर्थिक मजबूती भी मिल सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में भी जनता की उम्मीदों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले सैनी को उमेद गिरी महाराज ने शाल एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, जिला भाजपा अध्यक्ष अजयवीर सिंह लालपुरा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजयपुरी प्रेमदत्त तख्तगढ़ व एडवोकेट गगन भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच एवं संगत मौजूद रही।