नंगल में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, शहर में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान जारी
पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद नंगल में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही नंगल में युद्ध स्तर पर शुरू हुआ सफाई अभियान (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, नंगल। पंजाब में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही नंगल शहर में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को लगातार वर्षा के बावजूद सफाई कर्मचारी और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न हिस्सों में जमा कूड़े-कचरे और गंदगी के ढेरों को हटाने में जुट गए हैं।
अड्डा मार्केट स्थित नहर किनारे बने बड़े कूड़ा डंप की सफाई के दौरान पहुंचे एडवोकेट निशांत गुप्ता ने बताया कि पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के विशेष निर्देशों के बाद नगर में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान विभिन्न स्थानों पर जमा हुए कूड़े को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद सफाई कर्मचारी पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। नहर किनारे सहित अन्य क्षेत्रों को भी साफ-सुथरा और सुंदर बनाने का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने शहरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।