कारगिल विजय दिवस 2026: लोगों ने बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया को किया याद, नंगल में दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस पर नया नंगल में बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान ...और पढ़ें
-1785066886294_m.webp)
याद किए गए बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया। फोटो जागरण
HighLights
नया नंगल में कारगिल बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया को नमन।
उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को याद किया गया।
युवा पीढ़ी को बलिदानियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
जागरण संवाददाता, नंगल। कारगिल विजय दिवस पर नया नंगल के शिवालिक एवेन्यू स्थित बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया पार्क में देश की आन-बान-शान के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल युद्ध के वीर बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति व बलिदान को याद किया गया।
इस अवसर पर कारगिल बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया व माता ऊषा कालिया नगर कौंसिल नंगल की नवनियुक्त अध्यक्ष किरण बाला, एडवोकेट निशांत गुप्ता, भारत विकास परिषद के चेयरमैन एडवोकेट अशोक मनोचा, पूर्व पार्षद दीपक नंदा ने कहा कि पंजाब के रूपनगर जिले के नया नंगल के वीर सपूत कैप्टन अमोल कालिया ने कारगिल युद्ध में अद्वितीय शौर्य का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हैं।
उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी संस्था गुरसीदक फाउंडेशन के विद्यार्थियों ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर समाज सेविका सुरिंदरा शर्मा, सुमन वशिष्ठ, प्रो. पीके मदान, एचके सरोआ, मंदीप सिंह, शाम लाल, रणजीत संधू, शाम सुंदर, प्रमोद शर्मा, हरदीप कौर आदि भी उपस्थित थे।
बलिदानियों का सम्मान करना सभी का नैतिक दायित्व: किरण बाला
नगर कौंसिल नंगल की अध्यक्ष किरण बाला ने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन वीर सैनिकों के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति व सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। बलिदानी कैप्टन अमोल कालिया जैसे वीर सपूतों ने अपने अद्वितीय पराक्रम से यह सिद्ध किया कि देश की रक्षा से बढ़कर कोई कर्तव्य नहीं होता।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को ऐसे वीरों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए तथा देश की एकता, अखंडता व सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बलिदानियों का सम्मान करना व उनकी गौरवगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। नगर कौंसिल नंगल सदैव बलिदानियों की स्मृतियों के संरक्षण व उनके सम्मान से जुड़े हर प्रयास में अपना सहयोग देती रहेगी।