Punjab Weather: 40 डिग्री पार पहुंचा तापमान, अभी और तपेगा पंजाब; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
शिवालिक रेंज की वादियों में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है, तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग गर्मी से बचाव के उपाय अ ...और पढ़ें

Punjab Weather: 40 डिग्री पार पहुंचा तापमान (जागरण फाइल)
HighLights
शिवालिक में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में दुबके।
एसी, कूलर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री बढ़ी।
सुभाष शर्मा, नंगल। शिवालिक रेंज की वादियों में गर्मी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा सा नजर आने लगा है व लोग जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
शनिवार को देखा गया कि क्षेत्र में तेज धूप व लू के कारण सड़क मार्गों पर आवाजाही काफी कम रही। दोपहर के समय बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई, जो लोग बाहर निकले, वे गर्मी से बचाव के लिए चेहरे को कपड़े से ढककर या सिर पर कपड़ा रखकर अपने गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोग छांव की तलाश करते नजर आए जिससे गर्मी के बढ़ते असर का साफ अंदाजा लगाया जा सकता है।
राहत देने वाले इलेक्ट्रानिक उत्पादों के ऑफर्स शुरू
गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच अब लोगों ने राहत देने वाले इलेक्ट्रानिक उत्पादों की खरीदारी तेज कर दी है। विनोद ट्रंक हाउस के मैनेजिंग डायरेक्टर विनाल सेठ ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान पर विभिन्न नामी कंपनियों के एसी, कूलर, रेफ्रीजिरेटर सहित अन्य इलेक्ट्रानिक उत्पादों पर विशेष आफर शुरू कर दिए गए हैं।
ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता के उत्पाद उचित दामों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। आने वाले समय में उत्पादों के दाम बढ़ने की आशंका के चलते लोगों ने अभी से ही खरीदारी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में ग्राहक गर्मी से राहत पाने के लिए एसी व कूलर जैसे उपकरण खरीद रहे हैं। नंगल में ही हर तरह का आधुनिक इलेक्ट्रानिक सामान उपलब्ध है, जिससे लोगों को महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ रहा।
खबरें और भी
जिला रूपनगर के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक शर्मा ने लोगों को सलाह दी है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी न होने दें व अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। तेज धूप में बाहर निकलने से बचें तथा यदि आवश्यक हो तो सिर व चेहरे को ढक कर ही बाहर जाएं। छोटे बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, क्योंकि वे गर्मी के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। समय रहते सावधानियां अपनाकर ही इस बढ़ती गर्मी के प्रभाव से बचा जा सकता है।