हिमाचल सरकार के झूठे दावों के खिलाफ पंजाब में उबाल, कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे पर होगा चक्का जाम
हिमाचल सरकार के कथित फर्जी एंट्री टैक्स नोटिफिकेशन के खिलाफ पंजाब में भारी रोष है। आज कीरतपुर साहिब-मनाली नेशनल हाईवे पर सुबह 9 बजे चक्का जाम किया जाए ...और पढ़ें

कैप्शन: कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे पर होगा चक्का जाम (जागरण फोटो)
HighLights
हिमाचल के एंट्री टैक्स पर पंजाब में भारी रोष।
कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे पर आज चक्का जाम।
पंजाब मोर्चा ने रेसिप्रोकल टैक्स की मांग की।
संवाद सहयोगी, रूपनगर। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एंट्री टैक्स को लेकर जारी किए जा रहे कथित फर्जी नोटिफिकेशनों और झूठ के पुलिंदे के खिलाफ पंजाब के लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
इसके विरोध में आज पंजाब के लोग बड़ी संख्या में कीरतपुर साहिब-मनाली नेशनल हाईवे पर उतर रहे हैं, जहां सुबह 9 बजे पुलिस स्टेशन के सामने चक्का जाम किया जाएगा।
संघर्ष की अगुवाई कर रहे गौरव राणा (कन्वीनर, पंजाब मोर्चा) ने कहा कि यदि हिमाचल सरकार पंजाब को तुरंत एंट्री टैक्स से छूट नहीं देती, तो पंजाब सरकार को भी रेसिप्रोकल टैक्स लगाने की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे को पंजाब की आन-बान और अधिकारों से जुड़ा बताते हुए कहा कि लोग अब किसी भी प्रकार की नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सरकार के खिलाफ जाहिर किया आक्रोश
नूरपुर बेदी इलाके में इस मुद्दे को लेकर खासा उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। सैकड़ों टैक्सी चालकों, ट्रांसपोर्टरों और आम लोगों ने एकजुट होकर संघर्ष में भाग लेने का संकल्प लिया। मुख्य चौक पर लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया और शनिवार को होने वाले चक्का जाम को सफल बनाने का प्रण लिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक ओर हिमाचल सरकार बुनियादी सुविधाएं जैसे सड़कें और पुल उपलब्ध कराने में नाकाम है, वहीं दूसरी ओर एंट्री टैक्स वसूल कर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। इस मौके पर विभिन्न संगठनों के नेता और सदस्य मौजूद रहे।
ये सदस्य रहे मौजूद
इनमें सोहन सिंह (प्रधान, जिला आजाद टैक्सी यूनियन), अमीर सिंह जस्सी काहलो (उप प्रधान, रूपनगर), कमलजीत सिंह (वाइस प्रधान, आजाद टैक्सी यूनियन), अवतार सिंह ( महासचिव जिला रूपनगर), दर्शन सिंह (प्रधान, टैक्सी यूनियन नूरपुर बेदी), कश्मीर सिंह नंगली (प्रधान, जन अधिकार कल्याण), किसान नेता सेठी शर्मा, हरप्रीत सिंह भट्टो (ब्लाक प्रधान, कीर्ति किसान मोर्चा), महिंदर लाल, प्रीतम सिंह, परमजीत सिंह बब्बी (सरपंच, ककराला), कपिल देव बावा, कुलदीप सिंह, बलविंदर बंटी, दारा डेंटर, हरप्रीत सिंह हैप्पी, हरप्रीत सिंह काला, गुरदीप सिंह सैनी सहित समूची टैक्सी यूनियन के सदस्य शामिल थे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा और आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर धरने और चक्का जाम जारी रहेंगे।
मनदीप बाली---