Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खैर लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम पर चढ़ाई कार, एक गिरफ्तार; 9 लोगों पर केस दर्ज

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 11:01 PM (IST)

    नूरपुरबेदी में खैर की लकड़ी चोरी करते पकड़े गए तस्करों ने वन विभाग की टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

    खैर लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम पर चढ़ाई कार। फोटो जागरण

    खैर लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की टीम पर चढ़ाई कार। फोटो जागरण

    HighLights

    1. खैर की लकड़ी चोरी करते दो तस्कर पकड़े गए।

    2. तस्करों ने वन विभाग टीम पर कार चढ़ाने का प्रयास किया।

    3. एक आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया।

    संवाद सहयोगी, नूरपुरबेदी (रूपनगर)। थाना नूरपुरबेदी क्षेत्र के गांव टिब्बा नंगल के पंचायत जंगल में खैर के कीमती पेड़ों की लकड़ियों की तस्करी का मामला सामने आया है। चोरी करते पकड़े गए दो तस्करों ने मौके से भागने के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों पर कार चढ़ाकर जानलेवा हमला करने की कोशिश की।

    मामले में वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं व भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपित फरार हो गया।

    वन रेंज अधिकारी नूरपुरबेदी सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24-25 जून की मध्यरात्रि को सूचना मिली थी कि ब्लाक तख्तगढ़ के अंतर्गत गांव टिब्बा नंगल के पंचायत जंगल में कुछ लोग खैर के पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं।

    सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ग्रामीण रात करीब एक बजे जंगल में पहुंचे। वहां से सौरव सिंह निवासी गांव चौंता और संजीव कुमार निवासी बरारी (श्री आनंदपुर साहिब) को एक मारुति कार सहित काबू कर लिया गया।

    खबरें और भी

    शिकायत के अनुसार, जब दोनों को रोकने का प्रयास किया गया तो कार चालक ने तेज रफ्तार से वाहन कर्मचारियों और ग्रामीणों की ओर चढ़ा दिया। हालांकि सभी लोगों ने समय रहते हटकर अपनी जान बचा ली। पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को वन विभाग कार्यालय लाया गया।

    आरोपित ने कबूला, ठेकेदार को बेचते थे लकड़ियां

    शिकायत में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे लंबे समय से नूरपुर खुर्द के सरकारी जंगल, करतारपुर और टिब्बा नंगल के पंचायत जंगलों व खड्ड बठलौर के निजी जंगलों से खैर की लकड़ी चोरी कर ठेकेदार सौरव उर्फ चंदू निवासी बासोवाल को बेचते रहे हैं। उनकी निशानदेही पर ठेकेदार के पोल्ट्री फार्म एवं डिपो से चोरी की गई खैर की लकड़ी भी बरामद कर ली गई।

    पूछताछ के दौरान एक आरोपित फरार

    एएसआइ प्रदीप शर्मा ने बताया कि आरोपितों ने यह भी बताया कि चोरी की लकड़ी की ढुलाई के लिए गोल्डी, योधा सिंह निवासी पृथीपुर (बूंगा साहिब), दारा सिंह निवासी निमोह, प्रिंस निवासी बाह्मण माजरा, दीपक निवासी फतेहपुर बूंगा साहिब व मंगा निवासी भरतगढ़ की गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता था।

    वन विभाग के अनुसार पूछताछ के दौरान संजीव कुमार मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि सौरव सिंह को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    26 गांठें भी पुलिस ने की बरामद

    एएसआइ प्रदीप शर्मा ने बताया कि शिकायत में नामजद सभी नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपित सौरव सिंह को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

    पुलिस ने वन विभाग की ओर से सौंपी गई चोरी में इस्तेमाल मारुति कार और खैर की लकड़ी के 26 मोछे (गांठें) भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी सहित अन्य नामजद आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।