विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर: मंत्री के सामने नशे पर सवाल उठाने पर मिली धमकी तो निगला सल्फास, व्यक्ति की मौत; सरपंच के पति समेत 4 पर आरोप

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:07 AM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2026 02:32 PM (IST)

संगरूर के तूरबंजारा गांव में एक व्यक्ति ने मंत्री के कार्यक्रम में नशे का मुद्दा उठाने के बाद कथित धमकियों से आहत होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली।

नशे का मुद्दा उठाया तो सरपंच के पति व ग्रामीणों ने धमकाया, सल्फास निगल दे दी जान

नशे का मुद्दा उठाया तो सरपंच के पति व ग्रामीणों ने धमकाया, सल्फास निगल दे दी जान

जागरण संवाददाता, संगरूर। गांव तूरबंजारा में पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री के समागम के दौरान नशे का मुद्दा उठाने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर धमकाने से आहत होकर सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली।

पीड़ित के परिवार ने गांव की सरपंच के पति सहित चार व्यक्तियों पर धमकाने व माफी मांगने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। डीएसपी रूपिंदर कौर बाजवा ने कहा कि पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले गांव शेरों में मुख्यमंत्री के समागम दौरान काला झंडा दिखाने वाले मोहनजीत सिंह शेरों को भी पुलिस की तरफ से कथित तौर पर टार्चर करने का आरोप लगा था।

गांव तूरबंजारा निवासी पीड़ित के भाई बिक्कर सिंह व जसवीर सिंह ने बताया कि गत रविवार उनके गांव में एक वरि

ष्ठ मंत्री का कार्यक्रम था। इस दौरान उनके भाई गुलजार सिंह ने सवाल किया कि उसका बेटा चिट्टे का नशा करता है। गांव में चिट्टा सरेआम बिक रहा है।

Sangroor Man Suicide

गुलजार सिंह, फोटो- जागरण

सवाल किया तो समागम स्थल से बाहर निकाला

बेटे ने नशे के लिए घर का सारा सामान बेच दिया है। इससे वह बेहद दुखी है। सवाल करने पर गुलजार सिंह को समागम स्थल से बाहर निकाल दिया गया।

बिक्कर ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह गुलजार सिंह से मिले तो उसने बताया कि गांव की सरपंच का पति बलजीत सिंह उर्फ राजू, सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा, पंच विक्की, घोणा उसे धमका रहे हैं कि वह पंचायत में आकर नशे के मुद्दे पर बात करने के लिए माफी मांगे। उसने कहा कि वह माफी नहीं मांगना चाहता क्योंकि उसका परिवार चिट्टे के नशे ने बर्बाद कर दिया है। उसने जीवनलीला समाप्त करने के लिए सल्फास खा ली है।

पता चलते ही उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से पटियाला और लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद डीएसपी रूपिंदर कौर मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से बात की। पीड़ित के परिवार ने आरोपितों पर केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।