पंजाब के संगरूर में बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला; बाइक सवार 8 की मौत
संगरूर में लहरागागा-जाखल रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने मनरेगा मजदूरों और एक मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया, जिससे ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्म्क तस्वीर है।
HighLights
संगरूर में तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को कुचला।
हादसे में आठ मनरेगा मजदूरों की दर्दनाक मौत।
पुलिस ने फरार कार चालक की पहचान की, जांच जारी।
संवाद सूत्र, लहरागागा (संगरूर)। लहरागागा-जाखल रोड पर गांव चोटियां के समीप रविवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे काम कर रहे गांव अलीशेर के मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया।
हादसे में करीब 7 महिला मजदूर व एक मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल लहरागागा, सुनाम व संगरूर इलाज के लिए भर्ती करवाया गया।
उधर, हादसे के बाद कार ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की जानकारी सामने आनी बाकी है।
घायलों का उपचार जारी
हादसे के समय सड़क किनारे करीब 24 महिला और पुरुष मजदूर काम कर रहे थे। काम के दौरान मजदूर सड़क किनारे बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई मजदूरों को कार ने बुरी तरह से रौंद दिया, जबकि कई कार के साथ दूर तक घसीटे गए, जिससे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को छोटे टैंपो और अन्य वाहनों की मदद से लहरागागा के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया, जबकि गंभीर हालत वाले कई मजदूरों को सुनाम, संगरूर, पटियाला रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
जानकारी अनुसार मनरेगा मजदूर जंगलात विभाग के अंतर्गत पौधे लगाने का काम कर रहे मजदूर सड़क किनारे एक तरफ बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार मजदूरों को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो की लहरागागा व एक महिला की संगरूर अस्पताल पहुंचकर मौके हो गई।
मृतकों में पहचान सरबजीत कौर पत्नी सोनी खां, रणजीत कौर पत्नी काला खां, कर्मजीत कौर पत्नी जग्गी, निक्की रानी पत्नी बंता सिंह, मनजीत कौर पत्नी तरसेम सिंह, मोटरसाइकिल सवार जीवन पुत्र राम लाल के रूप में हुई। दो मृतकों की खबर लिखे जाने तक पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंचे एसपी पलविंदर सिंह चीमा ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां से अब तक आठ लोगों की मौके होने की सूचना मिली है। कार चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी पहचान कर ली गई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
मजदूरों का था मस्टर रोल
मनरेगा पंचायत सचिव जगतार सिंह ने बताया कि मस्टर रोल में कुल 42 मजदूर दर्ज थे, जिनमें से 24 लोग मौके पर पौधे लगाने का काम कर रहे थे। ये सभी जंगलात विभाग के तहत कार्यरत थे। काम के दौरान कुछ मजदूर सड़क किनारे बैठकर पानी पी रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मंत्री बरिंदर गोयल ने जताया दुख
हलका लहरागागा के विधायक कैबिनेट मंत्री वकील बरिंदर गोयल ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है, जिसका दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने आश्वासन दिया कि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पीड़ितों को दी जा रही पुख्ता मेडिकल सुविधा
डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने कहा कि लहरागागा-जाखल रोड पर गांव अलीशेर-चोटियां के पास हुए सड़क हादसे में 08 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में दर्जन भर लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन इस संबंधी सभी जरूरी कार्रवाई कर रहा है और मेडिकल मदद के साथ-साथ पीड़ितों और उनके परिवारों को हर मुमकिन मदद देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। मनरेगा के चल रहे कार्य दौरान मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।