विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब बॉर्डर पर घुसपैठ की साजिश नाकाम, तरनतारन में BSF ने ढेर किए 2 पाकिस्तानी घुसपैठिए

By Dharambir Singh MalharEdited By: Anuj Sharma
Published: Fri, 02 Oct 2026 02:18 PM (IST)Updated: Fri, 02 Oct 2026 03:32 PM (IST)

सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर देर रात घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए बड़ी कार्रवाई ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. बीएसएफ ने तरनतारन सीमा पर दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर किया।

  2. देर रात भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे थे तस्कर।

  3. जवानों ने चेतावनी के बाद फायरिंग की, इलाके में तलाशी जारी।

धर्मबीर मलहार, तरनतारन। भारतीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने देर रात दो पाकिस्तानी तस्करों को ढेर कर दिया है। सीमा पार से भारत में अवैध रूप से दाखिल होने की कोशिश कर रहे घुसपैठियों से अभी क्या रिकवरी हुई है, इसकी जानकारी अभी सीनियर अधिकारियों की तरफ से साझा नहीं की गई है। घटना बीती रात करीब 12.30 बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ये घटना तरनतारन क्षेत्र के अंतर्गत आते राजोके की है। बीती रात सरहद पर पहरा दे रहे जवानों ने भारतीय सरहद में लगाई गई कंटीली तारों के पार हरकत होते हुए देखी। तकरीबन 3 संदिग्ध पाकिस्तानी रात का फायदा उठाकर भारतीय सीमा की ओर धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए दिखाई दिए।

सुरक्षा के मद्देनजर मौजूदा जवानों ने थर्मल इमेजिंग और दूरबीनों से संदिग्धों की गतिविधी को ट्रैक किया। लेकिन वे भारतीय सीमा में आ चुके थे। 

यह भी पढ़ें- सासाराम में तिरंगे में लौटा BSF का लाल, ड्यूटी के दौरान थमी सांस; अंतिम दर्शन को उमड़ा गांव

जवानों ने दी लौटने की चेतावनी

मौजूदा जवानों ने संदिग्धों की लोकेशन कंफर्म कर उन्हें वापस लौटने की चेतावनी दी। लेकिन घुसपैठियों ने वापस लौटने की जगह छिपने का प्रयास किया। बार-बार चेतावनी के बाद बीएसएफ के जवानों को सुरक्षा को देखते हुए फायरिंग करनी पड़ी।

शव कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश

कार्रवाई के बाद दोनों के शवों को सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया। उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर दोनों के पाकिस्तान से संबंधित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन बीएसएफ की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों ने मामले की जानकारी पाकिस्तानी रेंजर्स को भी दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पाक रेंजर्स की ओर से इस संबंध में कोई दावा या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

यह भी पढ़ें- फर्जी सर्टिफिकेट मामले में बर्खास्त 400 BSF रसोइयों की बहाली की मांग

हथियार और नशे की तस्करी के एंगल की भी जांच

सीमा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को भी तस्करी के संभावित एंगल से जांच रही हैं। सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि मारे गए घुसपैठिए नशे या हथियारों की तस्करी से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, बीएसएफ अधिकारियों ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन-चार संदिग्ध दिखे, दो मारे गए

रात में नाइट विजन कैमरों से निगरानी के दौरान तीन से चार संदिग्धों की गतिविधि देखे जाने की बात सामने आई है। फायरिंग के बाद दो घुसपैठियों के मारे जाने की पुष्टि हुई, जबकि अन्य संदिग्धों के बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी कारण शुक्रवार को सीमा से सटे इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या कोई अन्य घुसपैठिया भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने में सफल हुआ या नहीं। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में किसी हथियार, मादक पदार्थ या अन्य संदिग्ध सामग्री की बरामदगी को लेकर भी तलाशी ली जा रही है।

फिलहाल मारे गए दोनों घुसपैठियों की पहचान और उनके उद्देश्य को लेकर जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियों की आधिकारिक जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- अमित शाह के जालंधर रैली को लेकर प्रताप बाजवा ने घेरी केंद्र सरकार, पूछा- सीमा पार से ड्रोन क्यों नहीं रुक रहे