सीकर में छुट्टी पर घर आए सेना के जवान का अपहरण, बदमाशों ने मांगी 10 लाख रुपये की फिरौती
राजस्थान के सीकर जिले में छुट्टी पर आए सेना के जवान श्रीराम सिहाग का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती मांगी गई है।

सीकर में जवान का अपहरण (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
सेना के जवान श्रीराम सिहाग का सीकर में अपहरण
बदमाशों ने पत्नी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी
प्रारंभिक जांच में पैसे के लेनदेन का विवाद सामने आया
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में सीकर जिले के खंडेला में आधा दर्जन बदमाशों ने सेना के एक जवान का अपहरण कर लिया। 32 वर्षीय जवान श्रीराम सिहाग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए अवकाश पर घर आया था।
जवान सोमवार रात करीब आठ बजे कोचिंग इंस्टिट्यूट से घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार में सवार होकर आए आधा दर्जन बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया और देर रात उसकी पत्नी को फोन कर 10 लाख रुपये को फिरौती मांगी।
जवान का फौजी से चल रहा विवाद
इस पर स्वजन ने खंडेला पुलिस थाने में सूचना दी। मंगलवार शाम तक जवान के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि श्रीराम का सीकर जिले के निवासी किसी अन्य फौजी से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था।
जवान के भाई शेर सिंह ने पुलिस को बताया कि पिछले साल बंगाल में तैनाती के दौरान श्रीराम ने करौली जिले के निवासी एक फौजी को 10 लाख रुपये उधार दिए थे। इस रकम को लेकर ही विवाद चल रहा था।
