यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रियंका गांधी का केंद्र सरकार पर निशाना, बोलीं: खुद को भूमि पुत्र कहने वाले करोड़ों के काफिले में चल रहे
प्रियंका ने कहा लोग सत्ता में आते ही भूल जाते हैं कि उन्हे सत्ता में कौन लाया था। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से कहा केंद्र सरकार में धनवान का जय जयक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जयपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, जो पीएम अपने आपको भूमि पुत्र कहते थे वो करोड़ों के काफिले में चल रहे हैं। पीएम विदेश जाकर अपने उद्योगपति मित्रों के लिए डील करते हैं। पीएम विदेश जाते हैं तो उसके बाद उन देशों से चुनिंदा उद्योगपति को काम मिलता है। भाजपा की नीतियां केवल अमीरों को आगे बढ़ाने की है। पीएम ने हर चीज में अपने उद्योगपति मित्रों को आगे और जनता को पीछे रखा है।
महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में आज महंगाई चरम पर है। केंद्र से पूछना चाहिए इतनी महंगाई क्यों है? राजस्थान सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए प्रियंका ने कहा, राज्य सरकार जो दे रही है वह गरीबों का हक है। प्रियंका रविवार को राजस्थान में टोंक जिले के निवाई में अशोक गहलोत सरकार की ग्रामीण इंदिरा रसोई योजना का शुभारंभ करने के बाद सभा को संबोधित कर रहीं थीं।
उन्होंने लोगों से कहा, सोच समझकर वोट देना। अगर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई तो गहलोत सरकार ने जो जनहित की योजनाएं दी हैं, वह सब बंद हो जाएगी। फिर भी अगर कांग्रेस को वोट नहीं दोगे तो खुद का ही नुकसान करोगे। यह चुनाव लोगों के भविष्य का चुनाव है। इसलिए कांग्रेस की सरकार चुनिए। प्रियंका ने प्रदेश में चलाए जा रहे महंगाई राहत शिविरों की तारीफ करते हुए कहा प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की बेहतरीन योजनाएं दी हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, जब असली मुददों पर बात आती है तो जाति और धर्म को ले आते हैं।
केंद्र सरकार में धनवान की जय जयकार
प्रियंका ने कहा, लोग सत्ता में आते ही भूल जाते हैं कि उन्हे सत्ता में कौन लाया था। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से कहा, केंद्र सरकार में धनवान का जय जयकार है और आपकी जरूरत और समस्याओं को हल करने का कोई जरिया नहीं है। इसलिए राज्यों की सरकारों पर बोझ पड़ रहा है। प्रियंका ने जी-20 की बैठक को लेकर कहा कि वहां आज बारिश हुई है। लगता है जो देशवासी नहीं कह पाए वो भगवान ने कह दिया कि इतना घमंड ठीक नहीं है। देश की जनता को आगे रखें।
खबरें और भी
मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर 32 लाख करोड़ खर्च किए हैं। बड़ी-बड़ी महफिलों में पैसा खर्च करते हैं तो जनता के लिए पैसा कहां से बचेगा। दो तरह के नेता होते हैं। एक नेता होता है, जो सेवा को ही परम धर्म समझता है और दूसरा अहंकार और घमंड रखता है। आप ऐसे नेता को चुनिए, जिनमें जनता के प्रति श्रद्धा हो, जो मुश्किल कम करें। सभा को सीएम गहलोत व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। प्रियंका ने सभा स्थल पर महिलाओं से संवाद किया। इससे पहले सवाईमाधोपुर से निवाई तक सड़क मार्ग से आते समय रास्ते में प्रियंका ने गाड़ी रोक कर महिलाओं से बातचीत की।
इंदिरा रसोई योजना की गांवों में शुरुआत
गांवों में इंदिरा रसोई योजना की शुरूआत की। अब तक शहरों में आठ रुपये में खाने की योजना चल रही थी। अब गांवों में भी खाना मिलेगा। चुनावी साल में कस्बों और गांवों में आठ रुपये में खाने की योजना को राजनीतिक फायदे के हिसाब से अहम माना जा रहा है।