Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Rajasthan: राजस्थान में दो बेनामी लॉकर्स में मिले एक करोड़ 37 लाख रुपये, आयकर विभाग को नहीं मिला कोई मालिक

    By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
    Updated: Fri, 10 Nov 2023 08:44 PM (IST)

    राजधानी जयपुर में आयकर विभाग की टीमें पिछले कई दिनों से गणपति प्लाजा में निजी कंपनी की ओर से संचालित लॉकर्स की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान एक टीम क ...और पढ़ें

    राजस्थान में दो बेनामी लॉकर्स में मिले एक करोड़ 37 लाख रुपये (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    राजस्थान में दो बेनामी लॉकर्स में मिले एक करोड़ 37 लाख रुपये (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    HighLights

    1. लॉकर्स के मालिक की तलाश में था आयकर विभाग
    2. एक लॉकर से साढ़े चार किलो सोना मिला था
    3. सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने लगाया था आरोप

    जागरण संवाददाता, जयपुर। राजधानी जयपुर में आयकर विभाग की टीमें पिछले कई दिनों से गणपति प्लाजा में निजी कंपनी की ओर से संचालित लॉकर्स की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान एक टीम को शुक्रवार को दो लॉकर्स से एक करोड़ 37 लाख रुपये मिले हैं। यह रुपये 500-500 के नोटों में मिले हैं। फिलहाल यह जानकारी नहीं मिली है कि दोनों लॉकर्स किसके नाम से हैं।

    आयकर विभाग के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देने से इनकार किया है। टीम ने दोनों लॉकर्स को काटकर रुपये निकाले हैं। आयकर अधिकारियों का मानना है कि यहां करीब तीन सौ से अधिक ऐसे लॉकर्स हैं, जिनकी अब तक जांच ही नहीं की गई है। अगर लॉकर्स मालिकों और लॉकर्स संचालित करने वाली कंपनी का सहयोग नहीं मिलेगा तो शुक्रवार की तरह अन्य लॉकर्स को भी काटकर खोला जाएगा।

    लॉकर्स के मालिक की तलाश में था आयकर विभाग

    आयकर विभाग की एक टीम 29 अक्टूबर से दोनों लॉकर्स के मालिक की तलाश कर रही थी। जब कोई जिम्मेदार सामने नहीं आया तो शुक्रवार को दोनों लॉकर्स को काटा गया। काटे गए लॉकर से रकम निकली है। लॉकर्स कंपनी के संचालकों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन उनकी तरफ से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

    एक लॉकर से साढ़े चार किलो सोना मिला था

    यह लॉकर्स रोयरा सेफ्टी वॉलेट्स नाम की कंपनी संचालित करती है। इससे पहले 29 अक्टूबर को एक लॉकर से साढ़े चार किलो सोना मिला था। यह सोना रूई की चादर में लपेट कर रखा गया था। सोने का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 2.5 करोड़ रुपये बताया गया है। इस सोने का मालिक सामने नहीं आने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने इसे सीज कर दिया था।

    खबरें और भी

    सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने लगाया था आरोप

    जानकारी के अनुसार यहां एक हजार से ज्यादा लॉकर्स हैं। इनमें 763 की जांच हो चुकी है। शेष की जांच बाकी है। पिछले महीने भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आरोप लगाया था कि गणपति प्लाजा में कई अधिकारियों और नेताओं के बेनामी लॉकर्स हैं, जिसके बाद जांच शुरू की गई है। अब नतीजे सामने आ रहे हैं।

    ये भी पढ़ें: राजस्थान: चुनाव में गाय की एंट्री, प्रेस कॉन्फ्रेंस में फूट-फूटकर रोए BJP प्रत्याशी; गोवंश को जहर देकर मारने का आरोप