सीजेपी करेगी स्कूलों का दौरा, राजस्थान के शिक्षा मंत्री को दी चुनौती
राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाने से राजनीतिक विवाद गहरा गया है।

सीजेपी करेगी स्कूलों का दौरा।
HighLights
सरकारी स्कूलों में मीडिया प्रवेश पर रोक से विवाद।
कांग्रेस ने सरकार पर बदहाली छिपाने का आरोप लगाया।
सीजेपी ने शिक्षा मंत्री को सर्वश्रेष्ठ स्कूल दिखाने की चुनौती दी।
जागरण संवाददाता,जयपुर। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में अव्यवस्था और शिक्षा विभाग द्वारा मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाए जाने को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मीडिया पर रोक लगाकर सरकार स्कूलों की बदहाल स्थिति सार्वजनिक नहीं होने देना चाहती है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सरकार को यह फैसला वापस लेना चाहिए।
वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह समन्वयक आशुतोष रांका ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का चुनौती देते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों में सीजेपी की पूरी टीम के साथ राजस्थान के सरकारी स्कूलों का दौरा करेगी।
रांका ने सोशल मीडिया पर शिक्षामंत्री को संबोधित करते हुए लिखा कि मदन दिलावर जी आपके लिए एक ऑफर है। आपके कार्यकाल के दौरान दस सबसे शानदार स्कूल बताइए, मैं अपनी टीम के साथ वहां का भी दौरा करूंगा। आपके पास दिखाने के लिए दस स्कूल तो होंगे ही।
उधर, रविवार को अवकाश के बावजूद शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से सरकारी स्कूल में फोटो, वीडियो लेने एवं बिना अनुमति के किसी के भी प्रवेश पर रोक के बाद शिक्षा विभाग में हडकंप मचा हुआ है। सामाजिक एवं छात्र संगठन इस आदेश का विरोध कर रहे हैं।
