विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCTV, इनाम और फिल्मी स्टाइल... उदयपुर पुलिस सोती रही, पीड़ित ने खुद खोज निकाली चोरी की बाइक

Published: Wed, 20 May 2026 01:05 PM (IST)Updated: Wed, 20 May 2026 01:08 PM (IST)

उदयपुर में एक युवक ने पुलिस की निष्क्रियता के बावजूद अपनी चोरी हुई बाइक खुद ढूंढ निकाली। इसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई निर्मित फोटो)

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई निर्मित फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उदयपुर। उदयपुर में बाइक चोरी के एक मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथीपोल थाना क्षेत्र से चोरी हुई महंगी बाइक को तलाशने में पुलिस जहां टालमटोल करती रही, वहीं पीड़ित युवक ने खुद सीसीटीवी कैमरे खंगाले, सोशल मीडिया पर इनाम घोषित किया और आखिरकार 61 किलोमीटर दूर जाकर अपनी बाइक बरामद कर ली।

अब बड़ा सवाल यह है कि बाइक मिलने के बाद पुलिस आखिर चोरों तक कब पहुंचेगी। मामला हाथीपोल थाना क्षेत्र के नवरत्न कॉम्प्लेक्स लिंक रोड निवासी 25 वर्षीय अब्बास पुत्र अली हुसैन कानोड़वाला से जुड़ा है।

10 मई को हुई बाइक चोरी

10 मई की सुबह एमबी हॉस्पिटल परिसर से उसकी लाल रंग की बजाज पल्सर बाइक चोरी हो गई थी। अब्बास ने तुरंत हाथीपोल थाने में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करने के बजाय उसे ही सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कह दिया।

इनाम की घोषणा

परिजनों के अनुसार अस्पताल और आसपास के कैमरों की जांच में दो युवक बाइक का लॉक तोड़कर ले जाते दिखाई दिए। फुटेज पुलिस को सौंपे गए, इसके बावजूद एफआईआर दो दिन बाद दर्ज की गई। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर परिवार ने सोशल मीडिया पर बाइक की जानकारी देने वाले के लिए 5000 रुपए का इनाम घोषित कर दिया।

मिल गई बाइक की लोकेशन

14 मई को बाइक की लोकेशन उदयपुर से करीब 61 किलोमीटर दूर बेकरिया थाना क्षेत्र में मिलने की सूचना मिली। अगले दिन अब्बास अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से फिल्मी अंदाज में एक जीप रुकवाकर उसमें से अपनी बाइक बरामद कर ली।

परिवार का आरोप है कि बाइक मिलने के बाद भी पुलिस चोरों तक पहुंचने में गंभीरता नहीं दिखा रही। वहीं हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम भेजी गई है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: एक PDF, बिना सोए गुजारी रात और ईमानदारी की कसम... राजस्थान के टीचर ने NEET पेपर लीक का कैसे किया भंडाफोड़?