विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान नगर निकाय चुनाव: मिशन 60+ को सीएम भजनलाल का बूस्टर, भाजपा ने झोंकी ताकत

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:19 AM (IST)

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर रोड शो ने भाजपा के 'मिशन 60+' को बड़ा चुनावी बूस्टर दिया।

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में रोड शो किया

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में रोड शो किया

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उदयपुर। नगर निगम चुनाव में 60 से ज्यादा वार्ड जीतकर बोर्ड पर कब्जा बरकरार रखने के भाजपा के मिशन 60+ को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर रोड शो से बड़ा चुनावी बूस्टर मिला।

सूरजपोल से देहली गेट बैंक तिराहे तक हुए रोड शो में भाजपा ने ताकत दिखाई, वहीं महापौर पद के दावेदारों ने भी समर्थकों और वाहनों के साथ अपना प्रभाव प्रदर्शित किया।

मुख्यमंत्री ने रोड शो की शुरुआत से पहले जनसंघ के संस्थापक सदस्य डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पूरे मार्ग में भाजपा प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

महापौर दावेदार प्रमोद सामर, दिनेश भट्ट, पारस सिंघवी, यशवंत आंचलिया और अतुल चंडालिया के काफिलों में बड़ी संख्या में वाहन शामिल रहे। पारस सिंघवी की ओर से बापू बाजार में करीब 1000 किलो फूलों की वर्षा भी चर्चा में रही।

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर नए परिसीमन के बाद बदले 80 वार्डों के समीकरण और प्रत्याशियों की स्थिति की समीक्षा की। भाजपा के सामने बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात को रोकने की चुनौती है।

भाजपा के 44 प्रत्याशी निर्विरोध

राज्यभर के निकाय चुनाव में अब तक 77 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें भाजपा के 44, कांग्रेस के 16 और निर्दलीय 17 हैं। उदयपुर में एक निर्दलीय प्रत्याशी के कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने से मुकाबले के समीकरण में भी बदलाव आया है।

उधर, भीलवाड़ा में मुख्यमंत्री ने करीब दो किलोमीटर रोड शो किया। चौमूं में पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का ‘एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा’ वाला बयान चर्चा में रहा, जबकि बांदीकुई में विधायक भागचंद टांकड़ा का बुजुर्ग महिला के साथ बैठकर सब्जी काटना चुनावी प्रचार का रोचक अंदाज बना।

यह भी पढ़ें- राजस्थान में शहरी निकाय चुनाव से पहले 77 सीटों पर निर्विरोध हुआ फैसला, किसके खाते में कितनी सीटें?