'उम्र बढ़ रही, राजनीतिक परिपक्वता हो रही कम', सतीश पूनिया का राहुल गांधी पर तंज
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी उम्र बढ़ रही है, पर राजनीतिक परिपक्वता कम हो रही है।

सतीश पूनिया का राहुल गांधी पर तंज। (पीटीआई)
HighLights
राहुल गांधी की राजनीतिक परिपक्वता पर सतीश पूनिया का तंज।
पूनिया ने राहुल को सकारात्मक राजनीति सीखने की सलाह दी।
पंजाब और राजस्थान चुनावों में भाजपा की जीत का दावा किया।
जागरण संवाददाता, उदयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया ने सोमवार को राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
भीलवाड़ा में भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी की उम्र बढ़ रही है, लेकिन उनकी राजनीतिक परिपक्वता कम हो रही है। उन्हें सकारात्मक राजनीति सीखने और ट्रेनिंग लेने की जरूरत है।
पूनिया ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी को मुद्दों के आधार पर सरकार को घेरने के साथ सकारात्मक सुझाव देने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश के लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करते हैं।
पूनिया ने कहा कि संसद में भी विपक्ष को रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए और सदन को बाधित करने के बजाय जनहित के मुद्दे उठाने चाहिए।
पूनिया ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि भाजपा इस बार अच्छी संख्या में सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें हरियाणा चुनाव के दौरान भी भरोसा दिया था और अब पंजाब की जिम्मेदारी मिली है।
पार्टी पंजाब में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रति लोगों का भरोसा राजस्थान निकाय चुनाव में भी कायम रहेगा।
