विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उदयपुर: प्रोफेसर इकबाल ने बनाया सूक्ष्म तिरंगा, 1 सेंटीमीटर चांदी पर दिखे 4 धर्मों के प्रतीक

Updated: Fri, 14 Aug 2026 02:30 PM (IST)

उदयपुर के प्रोफेसर डॉ. इकबाल सका ने स्वतंत्रता दिवस पर 1 सेंटीमीटर का चांदी का तिरंगा बनाया है, जिसमें चार धर्मों के प्रतीक शामिल हैं।

प्रोफेसर इकबाल ने बनाया सूक्ष्म तिरंगा

प्रोफेसर इकबाल ने बनाया सूक्ष्म तिरंगा

जागरण संवाददाता, उदयपुर। देशभक्ति, कला और कौमी एकता का अनूठा संगम उदयपुर के अंतर्राष्ट्रीय शिल्पी एवं विश्व रिकॉर्ड धारक प्रोफेसर डॉ. इकबाल सका ने अपनी सूक्ष्म कलाकृति में पेश किया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने महज 1 सेंटीमीटर आकार का तिरंगा चांदी पर उकेरा है।

खास बात यह है कि इस बेहद सूक्ष्म तिरंगे में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई धर्म के प्रतीकों को शामिल कर एकता, भाईचारे और विश्व शांति का संदेश दिया गया है। कलाकृति की बारीकी इतनी अधिक है कि इसके स्वरूप को सामान्य आंखों से देखना मुश्किल है और लेंस की मदद से ही इसे स्पष्ट देखा जा सकता है।

राई के दाने से भी छोटी कटिंग

डॉ. सका ने चांदी पर राई के दाने से भी छोटी कटिंग कर ॐ, अरबी में अल्लाह, सिख धर्म का खंडा और ईसाई धर्म का क्रॉस उकेरा है। चारों धार्मिक प्रतीकों को तिरंगे की बेहद छोटी संरचना में समाहित किया गया है। यह सूक्ष्म कलाकृति उनके शिल्प कौशल और बारीक नक्काशी का अनूठा उदाहरण है।

एक ग्राम चांदी और तांबे का इस्तेमाल

इस कलाकृति को तैयार करने में करीब 1 ग्राम चांदी और 1 ग्राम तांबे का इस्तेमाल किया गया। इसे पूरा करने में लगभग 24 घंटे का समय लगा। छोटे आकार के बावजूद इसमें धार्मिक प्रतीकों को उकेरने के लिए बेहद सूक्ष्म कटिंग और बारीकी से काम किया गया।

राजस्थान हाई कोर्ट को भेंट करना चाहते हैं

डॉ. सका ने इस अनूठी कलाकृति को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर को भेंट करने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने न्यायालय को पत्र भेजकर संपर्क भी किया है। उनका कहना है कि एकता, भाईचारे और शांति का संदेश देने वाली इस कलाकृति को न्यायालय को समर्पित करना उनके लिए गौरव की बात होगी।