हलषष्ठी व्रत के दिन भूलकर भी न करें ये गलतियां, संतान की अच्छी सेहत के लिए ध्यान रखें जरूरी नियम
हलषष्ठी व्रत संतान की अच्छी सेहत और दीर्घायु के लिए रखा जाता है। इस दिन कुछ विशेष गलतियों को करने से बचना चाहिए ताकि भगवान बलराम का आशीर्वाद प्राप्त हो।

संतान की लंबी आयु और अच्छी सेहत के लिए हलषष्ठी व्रत में न करें ये गलतियां (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
हल जोतकर उगाई गई चीजों का सेवन न करें।
गाय के दूध से बनी चीजों का उपयोग वर्जित है।
बाल, नाखून काटने और झूठ बोलने से बचें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि को हलषष्ठी के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व को हल छठ, हर छठ, ललही छठ, चंदन छठ, कमर छठ और खमर छठ के नाम से भी जाना जाता है। अलग-अलग स्थानों पर इस पर्व को मनाने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन त्योहार का महत्व हर जगह उतना ही ज्यादा होता है।
इस दिन, महिलाएं अपनी संतान की अच्छी सेहत की इच्छा में और उनकी दीर्घायु की कामना में व्रत करती हैं और इस दिन ऐसे भोजन को ग्रहण किया जाता है जिसमें हल न चलाया गया हो। इस साल यह पर्व 02 सितंबर, बुधवार के दिन मनाया जाएगा। इस पर्व को श्री कृष्ण के बड़े भाई बलराम के जन्मदिवस के रूप में भी मनाया जाता है और इसी वजह से इस दिन कुछ कामों को करने की मनाही होती है।
आइए आपको बताते हैं इस दिन किन कामों को नहीं करना चाहिए जिससे आपको बलराम जी का आशीर्वाद मिले और संतान को अच्छी सेहत का वरदान भी मिले।
हल चलाए हुए खेत की चीजों का सेवन न करें
हलछठ के दिन आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आप ऐसी चीजों को न खाएं जो हल जोतकर उगाई जाती हैं। जैसे इस दिन महिलाओं को किसी भी अनाज का सेवन नहीं करना चाहिए।
इस दिन मुख्य रूप से हल से जोती गई जमीन पर उगे अनाज, सब्ज़ियों या कंद-मूल का सेवन न करें। साथ ही, आपको इस दिन तामसिक भोजन भी ग्रहण नहीं करना चाहिए। ध्यान रखें कि आप इस दिन ऐसी चीजों का ही सेवन करें जिसकी खेती न होती हो। आप ऐसे फलाहार को भोजन में शामिल कर सकती हैं जो पानी में उगते हों।
गाय के दूध से बनी चीजें न लें
हलछठ के व्रत को बलराम जी के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है और उनके सम्मान में गायों का भी सम्मान किया जाता है क्योंकि उन्हें गाएं अत्यंत प्रिय थीं। इस दिन के लिए मान्यता है कि गाय का पूरा दूध उसके बछड़े के लिए ही होना चाहिए, इसलिए गाय के दूध की बनी कोई भी चीज खाने की मनाही होती है। आप भूलकर भी भोजन में या किसी अन्य काम में गाय के दूध का इस्तेमाल न करें।
हलषष्ठी व्रत के दिन बाल या नाखून न काटें
यदि आप हलषष्ठी व्रत के दिन बाल या नाखून काटते हैं तो आपको पूजा का पूर्ण फल नहीं मिलता है। इस दिन आप बाल या नाखून न काटें और किसी भी पेड़ या पौधे को भी हानि न पहुंचाएं। आप इस दिन यदि कोई नया वृक्ष लगाएंगे तो आपको उसके लाभ मिल सकते हैं। इस दिन आपको कपड़ों की सिलाई भी नहीं करनी चाहिए।
किसी बात पर भी झूठ न बोलें
हलछठ के व्रत के दिन आपको किसी बात पर भी झूठ नहीं बोलना चाहिए। यदि आप व्रत के दौरान ऐसा करती हैं तो पूजा का पूर्ण फल नहीं मिलता है और इसके बुरे प्रभाव संतान की सेहत में भी हो सकते हैं।
इस दिन व्रत के दौरान आपको किसी व्यक्ति के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग करने से भी बचना चाहिए। ऐसा करने से व्रत और पूजा का पूरा लाभ नहीं मिलता है। साथ ही, आपको इस दिन जरूरतमंदों को परेशान नहीं करना चाहिए, बल्कि उनकी मदद करनी चाहिए।
अगर आप भी हल छठ के व्रत के दिन यहां बताई गई गलतियों को करने से बचेंगी, तो संतान को दीर्घायु का आर्शीवाद मिलेगा और पूजा का पूर्ण फल भी मिलेगा।
यह भी पढ़ें- Hal Sashti Vrat Katha: हल षष्ठी व्रत पर करें इस कथा का पाठ, बलराम जी के साथ खुश होंगे मुरलीधर
यह भी पढ़ें- Hal Sashti Vrat: हल षष्ठी व्रत पर करें इन मंत्रों का जाप, संतान से जुड़ी समस्याएं होंगी दूर
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
