Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    यदि आप तनावमुक्त रहना चाहते हैं तो इसका एक ही उपाय है

    By Preeti jhaEdited By:
    Updated: Wed, 12 Apr 2017 11:03 AM (IST)

    यदि तनावमुक्त रहना हैं तो सकारात्मक माहौल व व्यक्तियों के संपर्क में रहें। नकारात्मकता तनाव का मुख्य कारण है व्यक्ति को इससे बचकर रहना चाहिए। ...और पढ़ें

    यदि आप तनावमुक्त रहना चाहते हैं तो इसका एक ही उपाय है
    यदि आप तनावमुक्त रहना चाहते हैं तो इसका एक ही उपाय है

     मनुष्य का जीवन उतार-चढ़ाव से भरा है। इसलिए उसके जीवन में तनाव व अवसाद सामान्य-सी बात है, लेकिन हमें हरदम इनसे मुक्ति का प्रयास करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि तनाव ही तमाम तरह की बीमारियों और रोगों का कारण है। हमारे जीवन में कई वजहों से तनाव उत्पन्न होता है। कई बार हमारे सामने ऐसी परिस्थितियां आ जाती हैं कि वे हमें भयभीत करने लगती हैं और इस वजह से हम तनावग्रस्त हो जाते हैं।

    ऐसी स्थिति में हमें अपना हौसला बनाए रखना चाहिए और बेवजह तनाव लेने के बजाय विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए खुद को तैयार रहना चाहिए। जो लोग वर्तमान में व्यवस्थित जीवन नहीं जीते हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं ऐसे लोग ही तनावग्रस्त होते हैं। कबीर दास का मानना है कि जब मनुष्य टालमटोल करता है तो ही उसे परेशानी होती है। वह कहते हैं कि जो काम आपको कल करना है उसे आज ही कर दो और जो काम आज करना है उसे अभी कर दो। उनकी इस बात को जो भी आचरण में उतारेगा उसे जीवन में तनाव नहीं होगा। तनाव की दूसरी वजह मनुष्य का अनावश्यक संकल्प भी है और जब किसी कारणवश वे पूरे नहीं होते तो हम चिंतित होकर तनाव में आ जाते हैं। संकल्प लेना अच्छा है, लेकिन मनुष्य को अपने जीवन में छोटे-छोटे लक्ष्य तय करने चाहिए। इन्हें प्राप्त करना न केवल हमारे लिए आसान होता है, बल्कि जब हम इन्हें प्राप्त करते हैं तो हमें दोगुनी खुशी मिलती है और हम बेवजह के तनाव से भी बच जाते हैं। 

    तनाव का एक मुख्य कारण यह भी है कि जब हम अनावश्यक रूप से दूसरों पर अपने विचार थोपने या फिर उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं। आप किसी के समक्ष अपने विचार जरूर रख सकते हैं, लेकिन उसे अपनाने या त्यागने के लिए संबंधित व्यक्ति पूर्ण रूप से स्वतंत्र है। इसके साथ ही प्रत्येक मनुष्य को यह बात भी गांठ बांध लेनी चाहिए कि दुनिया पूरी तरह उनके हिसाब से नहीं चलती। याद रखें कि हम केवल अपने ऊपर ही नियंत्रण रख सकते हैं इसीलिए दूसरों को नियंत्रित करने से पहले हमें स्वयं को काबू में रखने का प्रयास करना चाहिए। यदि आप तनावमुक्त रहना चाहते हैं तो इसका एक ही उपाय है कि आप हमेशा सकारात्मक माहौल व व्यक्तियों के संपर्क में रहें। नकारात्मकता ही तनाव का मुख्य कारण है और प्रत्येक व्यक्ति को इससे बचकर रहना चाहिए।