थप्पड़ का बदला लेने को चाकू से रेता था आठ साल की मासूम का गला, दुष्कर्म की भी आशंका; ड्रम में शव ले जाने की थी साजिश
आगरा में आठ साल की मासूम बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम में गले पर धारदार हथियार के दो घाव मिले हैं। किराएदार सुनील पर थप्पड़ का बदला ...और पढ़ें

बच्ची की गला काटकर हत्या का आरोपी सुनील।
जागरण संवाददाता, आगरा। थप्पड़ का बदला लेने के लिए 10 रुपये के चाकू से आठ साल की मासूम का गला रेतकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम में गले पर धारदार हथियार के दो घाव मिले हैं। शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं मिले हैं, पिता ने हत्या से पहले दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है।
दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड बनाकर फोरेंसिक लैब भेजी गई है। हत्यारोपित मंगलवार दोपहर ही फूलगोभी व अन्य सब्जियों के साथ चुंगी से चाकू खरीदकर आया था। किराये को लेकर हुए विवाद के बाद नशेबाज ने बच्ची के स्वजन को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। नशे में होने के कारण स्वजन ने धमकी को अनसुना कर दिया था।
मासूम की हत्या से घर में मातम छाया हुआ है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस फोर्स मोहल्ले में तैनात रहा। पुलिस की चार टीमें हत्यारोपित की तलाश में जुटी हुई थीं। परिवार के चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
ताजगंज क्षेत्र निवासी जूता कारखाना संचालक की आठ वर्षीय बेटी मंगलवार दोपहर दो बजे से लापता थी। बुधवार रात 11 बजे घर के सामने स्थित दूसरे मकान में किराये पर रह रहे सुनील के कमरे में बच्ची का शव आटे के ड्रम में मिला था। गुरुवार सुबह तीन डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
खबरें और भी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। गले में धारदार हथियार से चोटों के दो निशान मिले हैं। हाथों पर भी खरोंच के निशान थे। हत्यारोपित सुनील की तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटी हुई हैं। पिता ने बताया कि हत्यारोपित सुनील के पिता गरीब दास ने 22 सौ रुपये प्रतिमाह किराये पर कमरा लिया था।
पिछले कुछ समय से गरीबदास पत्नी भगवान देवी के साथ अपने बड़े बेटे चंद्रभान के यहां पदमा का नगला में रह रहे थे। पांच महीने का किराया न मिलने पर दस दिन पहले स्वजन ने कमरे में ताला डाल दिया था। इस पर सुनील पांच दिन तक इधर-उधर रहा। इसको लेकर स्वजन का सुनील से विवाद हुआ था। बच्ची के ताऊ ने सुनील को थप्पड़ मार दिया था।
इस पर उसने गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। सुनील के पिता ने पांच हजार रुपये किराये के दिए, इसके बाद कमरे का ताला खोल दिया था। बच्ची के पिता ने बताया कि सुनील मंगलवार दोपहर बाजार से सब्जी और 10 रुपये का चाकू खरीदकर लाया था। इसी चाकू से बेटी का गला रेता गया है।
पिता का कहना है कि बेटी के शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। हत्या से पहले आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को भी अंजाम दिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुनील के अलावा उसके पिता गरीबदास, मां भगवान देवी, भाई चंद्रभान आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपित की तलाश के लिए चार टीमें जुटी हुई हैं। आरोपित के पिता, दो भाइयों सहित परिवार के चार सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्वजन के आरोपों को देखते हुए दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड लैब भेजी गई है।
शाम को धोये थे कपड़े, पोस्टर लगवाने में की पिता की मदद
पिता ने बताया कि बेटी की हत्या के बाद आरोपित ने शाम के समय कपड़े धोये थे। उन्होंने आशंका जताई कि बेटी की हत्या के बाद आरोपित ने खून से सने कपड़े धोये थे। इसके बाद आरोपित पिता के साथ बेटी की तलाश में निकला। क्षेत्र में लापता होने के पोस्टर लगवाए और फिर अचानक लापता हो गया।
किरायेदार पर ऐसे गहराया शक
प्रज्ञा के लापता होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो वह मंगलवार दोपहर दो बजे के करीब मोहल्ले की दुकान पर जाती हुई नजर आई है। इसी सीसीटीवी में वह वापस घर लौटने के लिए गली में जाती दिखी। डाग स्क्वायड भी दुकान तक जाने के बाद वापस लौटकर उसके घर के पास रुक गया।
इस पर पुलिस को बच्ची के आसपास के घरों में ही होने का शक हुआ। किरायेदार सुनील के कमरे की तलाशी ली तो आटे के ड्रम में बच्ची का शव मिल गया। ड्रम के ऊपर आटे की बोरी रखी थी।
ड्रम सहित शव ले जाने की फिराक में था
प्रज्ञा की हत्या का षड्यंत्र रचने के बाद हत्यारोपित सुनील ड्रम सहित शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था। पिता व ताऊ ने बताया कि चार दिन पहले ही उसने हत्या का षड्यंत्र रचा था। प्रज्ञा की मां से कहा था कि राशन के गेहूं घर में हैं, उन्हें ड्रम सहित पिसवाने के लिए ले जाएगा।