बैंक हड़ताल के बीच आई राहतभरी खबर, ATM से कर पाएंगे लेनदेन; 3 दिन तक शुल्क नहीं
बैंक हड़ताल के बावजूद ग्राहकों को राहत मिलेगी क्योंकि 28 से 30 सितंबर तक एटीएम लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों के मोबाइल पर पिछले दो दिनों से लगातार वाट्सएप और एसएमएस आ रहे हैं। जिनमें बताया जा रहा है कि लोग अपने काम पहले ही निपटा लें। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की ओर से तीन दिवसीय हड़ताल का एलान किया गया है।
इससे पूर्व शनिवार को अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे। लेकिन आरबीआइ ने रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल रहेगी। इन चार दिन बैंक बंद रहने से करीब 2000 करोड़ का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हो सकता है।
हड़ताल के दौरान किसी भी बैंक के एटीएम से किए गए लेनदेन पर शुल्क नहीं लगेगा। दरअसल, बैंक अधिकारियों की ओर से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पेंशन, महंगाई भत्ता और कर्मचारियों से जुड़े कई लंबित मुद्दों को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। जिले में सरकारी और प्राइवेट मिलाकर 564 बैंक शाखाएं हैं।
हड़ताल के दौरान नकदी निकासी, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट, लोन और कई शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित होंगी। इससे पहले 11 सितंबर की एक दिवसीय हड़ताल में करीब 460 सरकारी बैंक शाखाओं का कामकाज प्रभावित हुआ था। प्राइवेट बैंक इसमें शामिल नहीं हुई थीं।
इससे करीब 500 करोड़ रुपये का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ था। अब तीन दिन की हड़ताल और शनिवार के अवकाश से करीब 2000 करोड़ रुपये तक के लेनदेन पर असर पड़ सकता है।
एटीएम पर नहीं कोई शुल्क
यूपी राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की ओर से हड़ताल के चलते ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत 28 से 30 सितंबर तक किसी भी बैंक के एटीएम से लेनदेन करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
