Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा में कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया रिसाव से हड़कंप... कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ी, पुलिस ने 10 KM का इलाका किया सील

    Updated: Fri, 13 Mar 2026 02:08 AM (IST)

    आगरा के पिनाहट स्थित कैला देवी कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार रात अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। दुर्गंध फैलने पर कुकथरी गांव के करीब पांच हजार ग्रामीण घर छोड़क ...और पढ़ें

    शीतगृह में गैस रिसाव होने पर निरीक्षण करते अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, डीसीपी अभिषेक अग्रवाल

    शीतगृह में गैस रिसाव होने पर निरीक्षण करते अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, डीसीपी अभिषेक अग्रवाल

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, आगरा। कोल्ड स्टोरेज में कूलिंग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली अमोनिया गैस का गुरुवार रात रिसाव हो गया। दुर्गंध फैलने पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी घरों में ताले लगाकर खेतों पर पहुंच गए। पांच हजार की आबादी वाले गांव में थोड़ी देर में ही सभी घर खाली हो गए।

    दूसरे कोल्ड स्टोरेज में मौजूद 40 मजदूरों को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर लिया गया। 10 किलोमीटर क्षेत्र में पुलिस ने चारों ओर से रास्ते रोक दिए। पिनाहट के कुकथरी गांव में सुखराम शर्मा का कैला देवी कोल्ड स्टोरेज है।

    गुरुवार रात नौ बजे कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज की ओर से तेज दुर्गंध आने लगी। देखते ही देखते दुर्गंध पूरे गांव में फैल गई, जिससे लोगों को घुटन महसूस होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख महिलाएं और बच्चे घर छोड़कर खेतों में पहुंच गए। कुछ ग्रामीणों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर खुद को बचाने का प्रयास किया।

    स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को कोल्ड स्टोरेज के पास न जाने की हिदायत दी। कोल्ड स्टोरेज में 100 मजदूर थे, लेकिन गैस रिसाव शुरू होने पर वे वहां से भाग निकले। इसके पास ही बद्री विशाल कोल्ड में भी मजदूर थे। इनकी हालत बिगड़ने लगी। पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया।

    खबरें और भी

    यहां बरेली के सलीम की तबीयत बिगड़ते देखकर भर्ती कर लिया गया। अन्य को चेकअप के बाद डिस्चार्ज कर दिया। गैस गांव में फैलने पर ग्रामीण अपने घर छोड़कर खेतों की ओर दौड़ पड़े। कोई अपने ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर निकला तो कुछ पैदल ही अपने बच्चों के साथ निकल पड़े।

    दो से तीन किलोमीटर दूर जाकर ग्रामीणों ने खेतों में डेरा जमा लिया। देर रात पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके पास पहुंची। एहतियातन कोल्ड स्टोरेज के 10 किलोमीटर की परिधि में सभी रास्तों पर बैरियर लगाकर पुलिस ने सभी को रोक दिया।

    फायर ब्रिगेड की टीम कोल्ड स्टोरेज में पहुंच गई। कैला देवी कोल्ड स्टोरेज में कोई नहीं मिला। मौके पर पहुंचे डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज में दो स्थानों पर पाइप से लीकेज मिली थी। मुख्य वाल्व से गैस की सप्लाई रोक दी गई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। मामले की जांच बाह के एसडीएम संतोष शुक्ला को दी गई है।