डीएम साहब... मैं दिव्यांग हूं, कृपया मेरे भाई की शादी करा दीजिए; आगरा में लगी अनूठी गुहार
आगरा में एक दिव्यांग व्यक्ति ने डीएम मनीष बंसल से अपने भाई की शादी कराने की गुहार लगाई, जो हर माह 20 हजार से अधिक कमाता है। डीएम ने जिला समाज कल्याण अ ...और पढ़ें

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। डीएम साहब... मैं दिव्यांग हूं। ठीक तरीके से चल नहीं पाता हूं। मेरा एक भाई है। हर माह 20 हजार रुपये से अधिक कमा लेता है। अपने भाई के लिए लड़की नहीं खोज पा रहा हूं। आपसे अनुरोध है कि कृपया मेरे भाई की शादी करा दीजिए। कुछ इन्हीं शब्दों के साथ राजनगर लोहामंडी के ओम प्रकाश ने अपनी व्यथा सुनाई।
ओम प्रकाश की बात सुन डीएम मनीष बंसल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिशा निर्देश जारी किए। ओम प्रकाश को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। योजना में भाई नरेंद्र का पंजीकरण कराने पर जोर दिया।
डीएम मनीष बंसल गुरुवार दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में सुनवाई कर रहे थे। सुनवाई के दौरान वर्चुअल माध्यम से सभी जिलास्तरीय अधिकारी जुड़े हुए थे। राजनगर लोहामंडी के ओम प्रकाश पहुंचे। ओम प्रकाश दिव्यांग हैं। ओम प्रकाश ने डीएम के सामने हाथ जोड़ते हुए कहा उसका छोटा भाई नरेंद्र कुमार है।
नरेंद्र हर माह 20 हजार रुपये से अधिक कमा लेता है। अभी तक नरेंद्र की शादी नहीं हुई है। वह नरेंद्र के लिए लड़की नहीं खोज पा रहे हैं। कई रिश्ते आए लेकिन नरेंद्र को पसंद नहीं आए। ओम प्रकाश ने डीएम से नरेंद्र की शादी करवाने का अनुरोध किया।
डीएम मनीष बंसल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेंद्र पाल सिंह को फोन किया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी। नगर निगम और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से शादियां कराई जाती हैं। डीएम ने बताया कि योजना के तहत जल्द शादियां होने जा रही हैं।