विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: मां की गोद से 11 महीने की बेटी को लेकर पिता ने पुल से यमुना नदी में फेंका, भीड़ ने पीट डाला बाप

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Updated: Fri, 14 Aug 2026 10:39 PM (IST)

आगरा में एक पिता ने पारिवारिक कलह में अपनी 11 महीने की बेटी को मां की गोद से लेकर अकबरा पुल से यमुना नदी में फेंक दिया। उसने पत्नी को भी धक्का देने का प्रयास किया, जिसके बाद भीड़ ने आरोपी पिता को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया।

बच्ची को फेंके जाने के बाद बिलखती मां लक्ष्मी।

बच्ची को फेंके जाने के बाद बिलखती मां लक्ष्मी।

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में शुक्रवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई। पारिवारिक कलह में पिता ने सिकंदरा क्षेत्र में पिता ने 11 महीने की अबोध बेटी को मां की गोद से लेकर अकबरा पुल से यमुना नदी में फेंक दिया। इसके बाद पत्नी को भी पुल से फेंकने का प्रयास किया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों ने उसे बचाया।

बेटी को फेंकने की जानकारी होने पर भीड़ ने आरोपित पिता को पीट दिया। पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। घटना दोपहर सवा तीन बजे की है। मथुरा के थाना बल्देव के गांव बादामगढ़ी निवासी रिंकू अपनी पत्नी लक्ष्मी और 11 महीने की बेटी को बाइक से अकबरा पुल लेकर पहुंचा। पुल पर बाइक खड़ी करने के बाद पत्नी की गोद से बेटी से लिया और यमुना नदी में फेंक दिया

अचानक हुई घटना से स्तब्ध लक्ष्मी कुछ बोलती पति ने उसे भी पकड़कर पुल से नदी में धक्का देने का प्रयास करने लगा। पत्नी के चीख-पुकार मचाने पर पुल से गुजरते लोग वहां जुट गए। लक्ष्मी ने लोगों काे बेटी को नदी में फेंकने की जानकारी दी तो भीड़ ने आरोपित पति को दबोच लिया। रिंकू की हरकत से आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई लगा दी।

घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने आरोपित रिंकू को हिरासत में ले लिया। गोताखोरों को बुलाकर अबोध बेटी की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। पत्नी लक्ष्मी ने पुलिस को बताया उनकी शादी पौने दो वर्ष पहले हुई थी। पति उस पर शक करता था। जिसे लेकर विवाद होने पर वह छह महीेने तक मायके में रही थी।

परिवार और समाज की पंचायत के बाद पति तीन महीने पहले उसे घर लेकर आया था। वह शुक्रवार दोपहर बाइक से उसे आगरा घूमने की कहकर अपने साथ लाया था। पुल पर पहुंचने के बाद बाइक रोक दी। पुल पर फोटो खींचने के बहाने बेटी को गोद से लेकर नदी में फेंक दिया। इसके बाद उसे भी नदी में धक्का देने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर मारपीट करने लगा।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपित रिंकू के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। गोताखोरों की मदद से बेटी को तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।