विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूरे आगरा की गैस सप्लाई ठप...नहीं जले चूल्हे, सीएनजी पंप भी बंद; मेट्रो की खोदाई में टूटी पाइप लाइन

By Vidhyaram Narwar Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 11 Sep 2026 09:42 AM (IST)

एत्माद्दौला क्षेत्र में मेट्रो की खोदाई के दौरान गेल की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे आगरा की गैस आपूर्ति ठप ...और पढ़ें

आगरा में गुरुवार रात गैस पाइपलाइन टूटने के बाद बेरीकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया।

आगरा में गुरुवार रात गैस पाइपलाइन टूटने के बाद बेरीकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र में गुरुवार रात मेट्रो की खोदाई से गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके कारण शहर भर की गैस सप्लाई ठप हो गई। उद्योग, घरेलू गैस और सीएनजी पेट्रोल पंप के साथ ही होटलों में गैस की सप्लाई बाधित हो गई।

पाइप लाइन टूटने के डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची गेल की टीम मरम्मत कार्य में जुट गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेरीकेडिंग कर दी और ट्रैफिक रोक दिया। गेल के अधिकारियों ने शुक्रवार दोपहर एक बजे तक सामान्य स्थिति होने की संभावना व्यक्त की है। 

एत्माद्दौला क्षेत्र में मेट्रो परियोजना का कार्य चल रहा है। रात लगभग नौ बजे नुनिहाई रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास तेज धमाका सुनाई दिया। जिससे लोग सहम गए। दुकानदार शटर बंद कर भाग निकले। तेज दुर्गंध आने लगी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंदकर दिया।

घटना स्थल से लोगों ने दूरी बना ली। गेल के अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो की ओर से खोदाई और पाइप लाइन टूटने से संबंधित कोई सूचना नहीं दी गई है। पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने की सूचना अन्य माध्यमों से मिली। इसके आधार पर टीम मौके पर पहुंची नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ऐहतियान शहर भर में सप्लाई को बंद करा दिया गया है। इसके कारण घरों, उद्योगों और होटलों के साथ ही सीएनजी पंपों की सप्लाई भी रुक गई। पाइप लाइन को ठीक किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गैस रिसाव से क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई। जिसके कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया।

गेल के क्षेत्रीय मैनेजर मुकेश शुक्ला का कहना है कि देर रात को पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। मौके पर टीम काम कर रही है। कब तक ठीक हो सकेगी, यह कह पाना संभव नहीं है। शुक्रवार दोपहर एक बजे तक उम्मीद की जा रही है। 

लीकेज होती रही गैस, ठेके पर लगी रही भीड़

गुरुवार रात को गेल की पाइप लाइन टूटने के बाद गैस रिसाव होता रहा। पास में स्थित शराब के ठेके पर लोगों की भीड़ लगी रही। यहां नशेबाज आपस में भीड़ गए। पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ा।

एक नजर में

  • 1.10 लाख घरेलू गैस कनेक्शन
  • 20 सीएनजी पेट्रोल पंप
  • 140 उद्योग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।